मुंबई. मुंबई (Mumbai) में कोरोना मरीजों (Corona Patients) की रोज बढ़ती संख्या को देखते हुए बीएमसी (BMC) ने भीड़-भाड़ वाली जगहों पर एंटीजन टेस्ट (Antigen Test) करने का निर्णय लिया है। इसी पार्श्वभूमि पर महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्रविकास प्राधिकरण (MHADA) प्रशासन की तरफ से मुख्यालय में आगंतुकों का कोरोना जांच करने का निर्णय लिया गया है। म्हाडा मुख्यालय में गुरुवार को पहले दिन 182 लोगों की जांच की गई जिसमें 5 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
म्हाडा मुख्यालय में रोजाना 2, 000 नागरिक अपने कार्य के लिए आते हैं। जिस कारण से म्हाडा उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल डिग्गीकर ने मुख्यालय आने वाले नागरिकों का जांच करने का आदेश दिया था।
पॉजिटिव लोगों को कोरोना केयर सेंटर में भर्ती किया जा रहा
जांच की जिम्मेदारी अपूर्व लैब और जनहित डायग्नोस्टिक लेबोरेटोरीज को दिया गया है। पॉजिटिव लोगों को कालीना कैम्प स्थित कोरोना केयर सेंटर में भर्ती किया जा रहा है। म्हाडा की जनसंपर्क अधिकारी वैशाली गडपाले ने बताया कि म्हाडा मुख्यालय की इमारत में सरकारी, अर्ध सरकारी, बैंक, और न्यायालय हैं। सबकी जांच के साथ कोरोना से बचाने के उपाय स्वरूप सभी गेट पर सेनेटाइजर उपलब्ध कराए गए हैं।