Visit Ramlala for free

Loading

  • रामलला का दर्शन कराने में जुटी बीजेपी 
  • मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र से अब तक 15 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या 
  • आचार्य पवन त्रिपाठी के नेतृत्व में महाराष्ट्र के लोगों की आवभगत कर रही भाजपा की टीम 
  • नव्य अयोध्या टेंट सिटी में रहने एवं खाने -पीने  की व्यवस्था 

नवभारत न्यूज नेटवर्क 
Visit Ramlala for free: अयोध्या (Ayodhya) स्थित राम जन्म भूमि मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा के बाद अब भाजपा (BJP) मुंबई सहित महाराष्ट्र के लोगों को मंदिर में विरजमान हुए “रामलला” (Ramlala) का दर्शन (Visit) कराने  में जुट गई है। मुंबई सहित राज्य के अन्य स्टेशनों से विशेष आस्था ट्रेन (Aastha Train) चलाई जा रही है। जिससे हर रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। अयोध्या में दर्शनार्थियों की सुविधा को लेकर मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने अलग-अलग टीम तैयार की है। प्रत्येक टीम को 10-10 दिन अयोध्या में रहकर महाराष्ट्र के लोगों की आवभगत करने की जिम्मेदारी दी गयी है। 

उत्तर मध्य मुंबई के रामभक्तों को लेकर विशेष आस्था ट्रेन रविवार को सुबह अयोध्या पहुंची। जहां पर उनका स्वागत किया गया। आचार्य पवन त्रिपाठी के नेतृव में महाराष्ट्र के लोगों की व्यवस्था संभाल रहे पूर्व नगरसेवक पंकज यादव, हरीश भार्दिंगे, योगीराज दाभोलकर, प्रमोद मिश्रा, प्रदीप त्रिपाठी, बिमल भूता, सुरेश मिश्रा, श्रवण मिश्रा ने सभी को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों से नव्य अयोध्या टेंट सिटी स्थित पंचवटी अतिथि गृह पहुंचाया। उत्तर मध्य मुंबई के श्रद्धालुओं को दोपहर में हनुमान गढ़ी एवं अयोध्या के अन्य मंदिरों का दर्शन कराया गया। शाम को सभी ने भव्य रामजन्मभूमि मंदिर में स्थापित रामलला की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेका। भगवान राम की प्रतिमा का दर्शन कर मुंबई के दर्शनार्थी अभिभूत हो गए। महाराष्ट्र से हर रोज एक या दो विशेष आस्था ट्रेन अयोध्या पहुंच रही हैं। अब तक मुंबई, ठाणे, कोंकण से 8 ट्रेन अयोध्या पहुंची हैं। ट्रेन, बस एवं दूसरे साधनों से 15 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में रामलला का दर्शन का चुके हैं। 

मुफ्त भोजन की व्यवस्था
उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम की तरफ से अयोध्या में नव्य अयोध्या टेंट सिटी का निर्माण किया गया है। जिसमें 25 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था है। टेंट सिटी को 6 विभागों में विभाजित किया गया है। अंजनेरी अतिथि गृह, मिथिला अतिथि गृह, पंचवटी अतिथि गृह, चित्रकूट अतिथि गृह में दो-दो हजार लोगों के रहने की व्यवस्था है। जबकि वाल्मीकि अतिथि को वीआईपी का दर्जा दिया गया है। इसमें 500 लोगों के रहने की व्यवस्था की गयी है। भोजन एवं जलपान की व्यवस्था अलग-अलग संस्थाएं कर रही हैं। 

मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि टेंट सिटी में देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के रहने की व्यवस्था से अलग अलग भाषा एवं संस्कृतियों का मिलन हो रहा है। भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से परिचित हो रहे हैं एवं मेल जोल बढ़ाने का अवसर मिल रहे हैं। उत्तर मध्य मुंबई के भाजपा पदाधिकारी शुभ्रांशु दीक्षित ने बताया कि  विशेष आस्था ट्रेन में रेलवे की तरफ से कंबल चद्दर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसकी वजह से मुंबई के लोगों को उत्तर प्रदेश की ठंडी असर नहीं कर रही है। अयोध्या जाने वाली पहली टीम में शामिल रहे भाजपा के पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव मुंबई वापस आ गए हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई से दर्शन करने जानेवाले यात्रियों को आवास, परिवहन, भोजन और रामलला के दर्शन की व्यवस्था की जा रही है।