sanjay-up bjp

    Loading

    मुंबई: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) की दुंदभी बजने के साथ ही मतदाताओं (Voters) को लुभाने का काम तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश के चुनाव का असर देश की राजधानी मुंबई (Mumbai) पर भी पड़ता है, जिसको देखते हुए मुंबई के भाजपाई चुनाव प्रचार कार्य में डट गए हैं। भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय (Sanjay Pandey) के नेतृत्व में उत्तर भारतीय नेता गली-गली में घूम कर भाजपा (BJP) के लिए प्रचार कर रहे हैं।

    यूपी भाजपा (UP BJP) नेतृत्व ने मुंबई के भाजपाइयों की 54 विधानसभा क्षेत्रों में ड्यूटी लगायी है।  पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस महीने की 5 तारीख को उत्तर भारतीय कार्यकर्ताओं के जत्थे को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना किया था। तभी से पार्टी के कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों में पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने के साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रबंधन का काम कर रहे हैं। 

    54 विधानसभा क्षेत्रों में लगाई गई ड्यूटी 

    उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय के मुताबिक, मोर्चा के 130 पदाधिकारियों को कानपुर, कानपुर  देहात, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, बदायूं, पीलीभीत, बरेली शाहजहांपुर जिले में कुल 54 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में लगाया गया है। पार्टी के पदाधिकारी स्थानीय जिला इकाई एवं उम्मीदवार से समन्वय स्थापित कर प्रचार और प्रबंधन का काम कर रहे हैं।

    कानपुर में तीसरे चरण में होगा चुनाव

    कानपुर में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान कराया जाना है। भाजपा के मीडिया समन्वयक ओमप्रकाश चौहान का कहना है कि भाजपा सभी सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करेगी। मतदाताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।  कानपुर देहात के 4 विधानसभा  क्षेत्रों में अर्जुन गुप्ता और चिराग गुप्ता के नेतृत्व में मुंबई के कार्यकर्ता लोगों के बीच में भाजपा की उपलब्धियां गिना रहे हैं।

     सुल्तानपुर और अमेठी में डेरा डाला

    उत्तर भारतीय मोर्चा के उपाध्यक्ष संतोष सिंह ठाकुर सुल्तानपुर और अमेठी में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर की कुल 5 सीटों में से 4 पर भाजपा काबिज है। लोगों में भाजपा के प्रति उत्साह देखा जा रहा है। इसी तरह अनिल राय, प्रद्युम्न शुक्ला  बरेली एवं पीलीभीत जिले में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने में जुटे हैं।