fadanvis-shelar BMC Election

    Loading

    मुंबई: मुंबई महानगरपालिका चुनाव (BMC Election) को लेकर अभी तक वार्डों की संरचना और जातिगत आरक्षण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, लेकिन बीजेपी (BJP) सहित सभी राजनीतिक पार्टियां (Political Parties) चुनाव (Election) की तैयारियों में जुट गई हैं।

    बीजेपी यह तय मान कर चल रही है कि वर्ष 2022 में ही मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव होने हैं। राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के षन्मुखानंद सभागृह में आयोजित बीजेपी के कार्यकर्ता सम्मेलन में चुनावी बिगुल फूंका। उन्होंने मुंबई के नवनिर्वाचित बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार के नेतृत्व पर पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी महानगरपालिका चुनाव में महानगरपालिका पर पार्टी का परचम फहरेगा।

    शिवसेना के कोर वोट बैंक में सेंध

    शिवसेना के कोर वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश के तहत उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई वासियों के लिए जो स्वप्न देखा था उसे पूरा करने की जिम्मेदारी अब हमारी है। इसका कारण यह है कि उनके नाम पर अब तक जो लोग जीत कर आए, उन्होंने उनके स्वप्न को धूल में मिला दिए। वे इतने आत्मकेंद्रित थे कि अपने अलावा किसी तरफ देख ही नहीं पाए। सम्मेलन में सांसद गोपाल शेट्टी, पूनम महाजन, मनोज कोटक, प्रवीण दरेकर, कृपाशंकर सिंह, विद्या ठाकुर, राजहंस सिंह, पराग अलवणी, योगेश सागर, अतुल भातलखकर, मनीषा चौधरी, पूर्व मंत्री प्रकाश मेहता, राजपुरोहित, भाई गिरकर, पूर्व सांसद किरीट सोमैया, संजय उपाध्याय, संजय पांडेय, संतोष पांडेय, पवन त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

    आशीष शेलार का स्ट्राइक रेट बहुत बड़ा

    उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आशीष शेलार का स्ट्राइक रेट बहुत बड़ा है। पिछले चुनाव में हम 35 से सीधे 82 तक पहुंचे थे। पिछले चुनाव में ही हमारा महापौर बन जाता था। इसकी तैयारी भी थी, लेकिन मित्र धर्म को निभाते हुए हम दो कदम पीछे हो गए, जिसकी वजह से शिवसेना ने अपना महापौर बनाया। शेलार ने एमसीए में मुंबई प्रीमियर लीग की शुरुआत की थी अब उन्हें मुंबई विकास लीग की शुरुआत करनी है। उन्होंने कहा कि धारावी के पुनर्विकास की सभी अड़चन 3 महीने में दूर हो जाएगी। बोरीवली, कांदिवली, दहिसर सहित अन्य स्थानों पर जहां सरकारी जमीन पर झोपड़पट्टी बसी हैं, वहां पुनर्विकास का रास्ता साफ किया जाएगा। मुंबई की झोपड़पट्टी में रहने वाले सभी को पक्का घर मिलेगा।

    फडणवीस जहां खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है: आशीष शेलार

    बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि फडणवीस जहां खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू हो जाती है। शिवसेना ने केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि मुख्यमंत्री रहते हुए देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई को मेट्रो दिया, नितिन गडकरी ने मुंबई में 52 पुलों का निर्माण कराया, कोस्टल रोड की संकल्पना को फडणवीस ने साकार किया। मीठी नदी की स्वच्छता के लिए केंद्र साकार ने निधि दिया, जबकि उद्धव ठाकरे के रहते लालबाग का राजा भी विराजमान नहीं हुए। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई की सत्ता बीजेपी को मिलेगी।