देवेंद्र फडणवीस ने महानगरपालिका चुनाव का किया आगाज, बोले – मुंबई की जनता चाह रही परिवर्तन

    Loading

    मुंबई : महानगरपालिका चुनाव (Municipal Elections) की घोषणा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक दलों की तरफ से चुनाव की तैयारियां शुरु हो गई  हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शनिवार को शिवजयंती के अवसर पर  मुलुंड में शिवसेना (Shiv Sena) पर जोरदार हमला बोलते हुए महानगरपालिका चुनाव का आगाज किया। उन्होंने शिवसेना पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सतारूढ़ दल ने सिर्फ महानगरपालिका को लूटने का  काम किया है, इस लिए मुंबई की जनता परिवर्तन चाह रही है।

    फडणवीस ने महानगरपालिका में भाजपा के गुट नेता प्रभाकर शिंदे के पांच सालों  में किये गए कार्यों का लेखा जोखा जारी करते हुए कहा कि हम जनता के सेवक हैं, मालिक नहीं। जनता को अपने प्रतिनिधि से पूछने का पूरा अधिकार है कि उन्होंने 5 साल के दौरान क्या कार्य किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा लड़ती रही है, लेकिन कुछ स्वार्थी लोग सत्ता की मद में भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना  महामारी के दौरान कोविड सेंटर, मास्क, ऑक्सीजन  के नाम पर घोटाला  किया गया है। कोविड  सेंटरों के नाम पर रातों-रात फर्जी कंपनी खड़ी कर दी गई और  पैसा सत्तासीन लोग डकार गए। मुंबई महानगरपालिका में हजारों  करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ है। जो सड़कें अच्छी थीं उनका भी ठेका दे दिया गया। 

    इस अवसर पर भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा कि राज्य सरकार में हर रोज नए नए घोटाले उजागर हो रहे हैं। उन्होंने कहा मंदिर बंद कर मदिरालय  शुरू  किया गया।  क्या यही महाराष्ट्र  की संस्कृति है। कार्यक्रम में सांसद मनोज कोटक, विधायक मिहिर कोटेचा,  भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक राय,  उभामो अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, वरिष्ठ नेता आरडी यादव, नगर सेवक प्रकाश गंगाधरे, नील  सोमैया, नगर सेविका  समिता कांबले,  बिंदु त्रिवेदी, जागृति पाटिल, महानगरपालिका में विपक्ष के नेता प्रवीण छेड़ा , दीपक दलवी  सहित अन्य लोग मौजूद थे।