BMC Commissioner Iqbal Singh Chahal
PTI Photo

Loading

मुंबई. लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के तारीखों की घोषणा के चुनाव आयोग (Election Commission) ने सोमवार को बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त इकबाल सिंह चहल (Iqbal Singh Chahal) समेत अतिरिक्त आयुक्तों और उपायुक्तों को हटाया। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने यह एक्शन लिया है। आयोग ने छह राज्यों- गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सचिवों को भी हटा दिया है। साथ ही मिजोरम और हिमाचल प्रदेश में सामान्य प्रशासनिक विभाग के सचिव को भी हटा दिया है।

गौरतलब है कि चहल महाराष्ट्र कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अपने पूरे करियर के दौरान, उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। चहल ने मुख्यमंत्री की पसंदीदा कोस्टल रोड परियोजना, अस्पताल उन्नयन और आधुनिकीकरण, नई सड़कों का निर्माण, मुंबई के सौंदर्यीकरण और गहन स्वच्छता अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने चार साल तक ठाणे के कलेक्टर और चार साल तक औरंगाबाद के कलेक्टर के साथ-साथ राज्य उत्पाद शुल्क आयुक्त और म्हाडा के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य किया।

दरअसल, आयोग ने सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिया था कि वे चुनाव संबंधी कार्यों से जुड़े उन अधिकारियों का तबादला करें, जिन्होंने (पद पर) तीन साल पूरा कर लिया है या अपने गृह जिलों में तैनात हैं। महाराष्ट्र ने कुछ नगर निगम आयुक्तों, अतिरिक्त आयुक्तों और उपायुक्तों के संबंध में निर्देशों का पालन नहीं किया था। आयोग ने नाखुशी जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को सोमवार शाम छह बजे तक रिपोर्ट देने के निर्देश के साथ ही बीएमसी के आयुक्त और अतिरिक्त आयुक्तों एवं उपायुक्तों का स्थानांतरण करने का आदेश दिया।

मुख्य सचिव को महाराष्ट्र में समान रूप से पदस्थापित सभी नगर निगम आयुक्तों और अन्य निगमों के अतिरिक्त आयुक्तों या उपायुक्तों को स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया गया है। यह आदेश मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्तों – ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के बीच सोमवार को हुई बैठक के बाद आया है।