BEST AC Double Decker Bus

    Loading

    मुंबई: मुंबईकरों की यात्रा अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए बेस्ट (BEST) के बेड़े में पहली बार इलेक्ट्रिक एसी डबल डेकर बस (Electric AC Double Decker Bus) का समावेश होने जा रहा है। गुरुवार को लंदन लुक (London Look) वाली इस बस का उद्घाटन राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे करेंगे। 

    केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस,बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल, बेस्ट के जीएम लोकेश चंद्र आदि लोगों की उपस्थिति में मुंबई की सड़क पर इस अत्याधुनिक बस को उतारा जाएगा। इस डबल डेकर बस में दो सीढ़ियां हैं। बेस्ट की नई इलेक्ट्रिक डबल डेकर एसी बस लंदन में डबल डेकर बसों के समान है और इसमें सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

    900 एसी डबल डेकर

    बेस्ट अब सितंबर से मुंबई की सड़कों पर प्रदूषण कम करने के मकसद से इलेक्ट्रिक वातानुकूलित डबल डेकर बसें चलाने की योजना बना रहा है। अगले दो साल में मुंबई में कुल 900 एसी डबल डेकर बसें चलेंगी। पहले चरण में 200 डबल डेकर बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। बेस्ट का लक्ष्य दिसंबर तक इनमें से 100 बसें शुरू करना है। शुरुआत में ये नई बसें सीएसएमटी से नरीमन प्वाइंट, कोलाबा से वर्ली और कुर्ला से सांताक्रूज रूट पर चलेगी। उसके बाद चरणबद्ध तरीके से रूट बढ़ाए जाएंगे। इस बस का न्यूनतम दूरी (अर्थात 5 किमी) का किराया 6 रुपए है।

    बेस्ट के बेड़े में 3,680 बसें

    बेस्ट के बेड़े में 3,680 से अधिक बसें हैं,जिनमें 2,440 साधारण एसी और गैर-एसी सीएनजी बसें, 396 इलेक्ट्रिक एसी और 25 हाइब्रिड एसी बसें शामिल हैं। बेस्ट के जनसंपर्क अधिकारी मनोज बराडे के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई एसी और नॉन एसी बसों को सेवा में शामिल किया जाएगा। दिसंबर तक आने वाली 500 नई बसों में सिंगल डेकर बसों की संख्या ज्यादा हो जाएगी। कुछ डबल डेकर बसें होंगी।