MHADA
File

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र आवास और क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने इस वर्ष राज्य भर में 15,781 फ्लैट (Flats) बनाने का निर्णय लिया है। वर्ष 2021-22 का संशोधित और वर्ष 2022-2023 का बजट (Budget) हाल ही में प्राधिकरण को प्रस्तुत किया गया। वर्ष 2022-2023 के लिए 10764.99 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है, जबकि बजट में 2885.92 करोड़ रुपए का घाटा दिखाया गया है। 2021-2022 के संशोधित बजट में म्हाडा (MHADA) का 1009.02 करोड़ रुपए का घाटा दिखाया गया है।

    2022-23 के बजट में प्राधिकरण के क्षेत्रीय बोर्ड द्वारा मुंबई (Mumbai), पुणे (Pune), नासिक (Nashik), नागपुर (Nagpur), अमरावती (Amravati), औरंगाबाद (Aurangabad), कोंकण (Konkan) में कुल 15,781 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए बजट में 7019.39 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

    मुंबई में बनेंगे 4, 623 फ्लैट

    मुंबई बोर्ड के लिए 2022-23 के बजट में 3738.40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। जिसमें  4 हजार 623 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है। बोर्ड ने बीडीडी चाल भूखंडों की पुनर्विकास योजना के लिए 2132.34 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। एंटॉप हिल वडाला में आवास योजना के लिए 29 करोड़, बॉम्बे डाइंग मिल वडाला योजना के लिए 64 करोड़, कोपारी पवई में आवास के लिए 145.54 करोड़ , मागाठाणे बोरीवली में आवास योजना के लिए 50 करोड़, खड़कपाड़ा डिंडोशी में 15 करोड़ और पहाड़ी गोरेगांव आवास योजना के लिए बजट में 250 करोड़ रुपए का प्रावधान है। सिद्धार्थ नगर (पतराचाल), गोरेगांव परियोजना के लिए 435 करोड़ रुपए, धारावी पुनर्विकास परियोजना चरण बी के लिए 91.18 करोड़ रुपए, आवास भवन की मरम्मत और पुनर्विकास के लिए 15 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं।

    कोंकण बोर्ड को 1971.50 करोड़

    कोंकण बोर्ड के लिए वर्ष 2022-23 के बजट में 1971.50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वर्तक नगर में पुलिस कॉलोनी के पुनर्विकास के लिए बजट में 200 करोड़ रुपए के साथ  मफतलाल (कलवा ) में भूमि अधिग्रहण और भूमि विकास के लिए वर्ष 2022-23 के बजट में 1002.50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

    मंडलवार बजट आवंटन

    2022-23 के बजट में पुणे बोर्ड के लिए 664.32 करोड़ रुपए का प्रावधान के साथ 1,253 फ्लैटों के निर्माण का प्रस्ताव है। बोर्ड ने पुणे जिले के धनोरी में भूमि अधिग्रहण और भूमि विकास के लिए बजट में 380 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। वर्ष 2022-23 के बजट में बोर्ड ने भूमि अधिग्रहण और भूमि विकास के लिए 169.92 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। औरंगाबाद बोर्ड के लिए 136.90 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं और 1762 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है। नासिक बोर्ड के लिए 35.72 करोड़ रुपए आवंटित और 220 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है। अमरावती मंडल के लिए  बजट में 75.57 करोड़ रुपए और 136 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है।