mumbai-police
प्रतीकात्मक तस्वीर

    Loading

    मुंबई: मुंबई में दिवाली त्योहार और अंधेरी उपचुनाव से पहले शहर में 16 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे गुट के बीच जारी तनाव को देखते हुए शहर की पुलिस ने कानून-व्यवस्था को रोकने के लिए आदेश जारी किया है। मुंबई पुलिस के मिशन विभाग के उपायुक्त संजय लातकर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से ये आदेश जारी किए हैं। 

    उप पुलिस आयुक्त संजय लाटकर द्वारा जारी किए गए आदेश में, यह भी उल्लेख किया गया है कि 16 से 30 अक्टूबर तक पांच या अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर रोक है। मुंबई में किसी भी जुलूस को मुंबई पुलिस से अनुमति लेनी होगी। वहीं, किसी भी जुलूस में लाउडस्पीकर, वाद्ययंत्र, बैंड और पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा। इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने आदेश में शादी समारोह, शव यात्रा, साथ ही कंपनियों, क्लबों, सहकारी समितियों, अन्य संगठनों और संघों की बैठकों, सामाजिक समारोहों, थिएटरों, शैक्षणिक संस्थानों को कर्फ्यू आदेश से छूट दी है।

    उल्लेखनीय है कि, अंधेरी उपचुनाव से पहले ही उद्धव ठाकरे और सीएम एकनाथ शिंदे समूह के बीच विवाद चरम पर पहुंच गया है, जिसकी वजह से मुंबई में तनाव पैदा हो गया है। वहीं, दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में भीड़ लग रही है, ऐसे में कोई अनहोनी न हो इसलिए शहर में ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं।