File Photo
File Photo

Loading

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज के 350 वें राज्याभिषेक वर्ष निमित्त राज्य के अलग अलग हिस्सों में संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए राज्य के पर्यटन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने बताया कि महाराष्ट्र के आराध्य शिवाजी महाराज की ऐतिहासिकता के जतन के साथ आचार्य चाणक्य, संभाजी महाराज एवं वीर सावरकर की नीतियों को दर्शाने वाले संग्रहालयों का निर्माण किया जाएगा।

 380 करोड़ रुपए मंजूर

मंत्रालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पर्यटन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने बताया कि 9 वास्तुओं में से 6 वास्तु शिवाजी महाराज से जुड़ी होगी। शिवनेरी में शिवाजी महाराज बाल संस्कार संग्रहालय बनेगा। इसके अलावा मुंबई के गोराई में 25 एकड़ भूमि पर शिवाजी महाराज वार म्यूजियम बनाया जाएगा। बुलढाणा में जिजामाता संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह संभाजी नगर में वीर संभाजी महाराज संग्रहालय का निर्माण होगा। रामटेक में शिवाजी महाराज शौर्य संग्रहालय का निर्माण होगा जहां हिंदवी स्वराज्य की झांकी दिखाई जाएगी। इसी तरह नाशिक में छत्रपति शिवाजी महाराज राज कौशल संग्रहालय बनेगा। यहां शिवाजी महाराज के समय की कृषि व आर्थिक नीति की प्रासंगिकता के दर्शन होंगे। पर्यटन मंत्री लोढ़ा ने बताया कि भंगुर में वीर सावरकर के विचारों से ओतप्रोत संग्रहालय का निर्माण होगा। इसके साथ कार्ला लोनावला में आचार्य चाणक्य के धर्म, अर्थ,युद्ध इन महत्वपूर्ण नीतियों पर आधारित संग्रहालय का निर्माण होगा। नई पीढ़ी को दिशा दिखाने वाले कार्ला के चाणक्य संग्रहालय के निर्माण पर 70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। ठाणे जिले के पड़घा में हाइवे के किनारे साईं भक्त विश्रामगृह भी बनाया जाएगा। लोढा के अनुसार सभी 9 स्थानों पर वास्तु के लिए  मुख्यमंत्री शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 380 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। 7 स्थानों पर कार्य अगले 3 माह में शुरू होंगे और 1 साल में इन्हें पूरा कर लिया जाएगा।

युवा पर्यटन क्लब

राज्य भर में 7 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों में पर्यटन को लेकर रुचि बढ़ाने के लिए सभी स्कूल कॉलेज में युवा पर्यटन क्लब बनाए जाने की जानकारी पर्यटन मंत्री ने दी। मंगलप्रभात लोढ़ा ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र से यह योजना शुरू होगा, ताकि स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी अपने आसपास पर्यटन स्थलों पर जाकर उसका अनुभव कर सकें। महिला व बालकल्याण मंत्री लोढ़ा कहा कि छोटे बच्चों में भी योग को लेकर जागरूकता लाने के लिए राज्य की 1 लाख आंगनबाड़ी की 2 लाख आंगनबाड़ी सेविकाएं बच्चों को लेकर योग दिवस मनाएंगी।