लापरवाही की हो गई हद्द, 90 लाख ने नहीं ली दूसरी डोज !

    Loading

    -सूरज पांडे

    मुंबई: राज्य में एक समय कोविड वैक्सीन (Covid Vaccine) की कमी थी, तब वैक्सीन (Vaccine) लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ रहा था, लेकिन अब वैक्सीन उपलब्ध होने के बावजूद लगभग 90 लाख लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज (Second Dose) नहीं ली है। जानकारों की माने तो लोगों की लापरवाही (Negligence) की हद्द हो गई है।

    कोविड अब कमजोर पड़ गया है, राज्य में एक हजार या उससे कम नए मरीज रोजाना मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों को यह लग रहा है कि कोविड दी एंड हो गया है, लेकिन हमारी यही गलत धारण हमें काफी क्षति पहुंचा सकती है। 

    टीकाकरण की रफ्तार कम हुई है

    स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, राज्य में करीब 75 लाख लोगों ने कोविशिल्ड की दूसरी डोज और 15 लाख लोगों ने कोवैक्सीन की दूसरी डोज मिस कर दी है। डायरेक्टरेट ऑफ हेल्थ एंड सर्विसेस (डीएचएस) की संयुक्त निदेशक डॉ. अर्चना पाटिल ने इस संदर्भ में कहा कि यह बात सही है कि टीकाकरण की रफ्तार कम हुई है, लेकिन पिछले 2 से 3 दिनों में टीकाकरण की संख्या 5 लाख से 6 लाख तक पहुंच रही है। यानी टीकाकरण अब धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है, लेकिन यह बात भी सही है कि कोविड के कमजोर होने के बाद लोग निश्चिन्त हो गए और उन्हें यह लगता है कि दूसरा डोज नहीं लिया तो भी चलेगा। यह बिल्कुल भी गलत धारणा है। कोविड का खात्मा नहीं हुआ है, इसलिए जिन्होंने भी समय पूर्ण होने के बावजूद वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है वे तुरंत वैक्सीन ले।

    फर्स्ट डोज का टार्गेट मिस

    राज्य में 18 व उससे अधिक उम्र के 9.14 करोड़ लोग हैं, जिन्हें नवंबर तक कम से कम वैक्सीन का एक डोज देने का स्वास्थ्य विभाग ने टार्गेट रखा है, लेकिन इस टार्गेट को पूरा होने में अब और समय लगेगा, क्योंकि अब तक 7 करोड़ 10 लाख 80 हजार 484 ने ही पहला डोज लिया है।

    केवल 39% ने लिया दूसरा डोज

    राज्य में 77.77 फीसदी लोगों ने वैक्सीन का पहला डोज लिया है, लेकिन दूसरा डोज लेने वालों की संख्या काफी कम है। अब तक 3 करोड़ 57 लाख 70 हजार 832 (39 फीसदी) ने वैक्सीन की दोनों डोज ली है। 

    13 % हेल्थ केयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स ने मिस किया दूसरा डोज

    राज्य में करीब 12 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स हैं। 87 फीसदी लोगों ने वैक्सीन का दोनों डोज ले लिया है, लेकिन 13 फीसदी लोगों ने अब भी वैक्सीन का दूसरा डोज नहीं लिया है। जबकि राज्य में 20 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स हैं, जिसमें से केवल 13 फीसदी लोगों ने दूसरा डोज नहीं लिया है।

    जिन भी लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज मिस की है हम उन्हें फ़ोन कर वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। कई जगहों पर विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है वो भी उनके गांव के नजदीक ताकि उन्हें ज्यादा प्रवास न करना पड़े। इसी के साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पिछले 2 से 3 दिनों में टीकाकरण के आंकड़े में इजाफा हुआ है।

    -डॉ. अर्चना पाटिल, संयुक्त निदेशक, डीएचएस