Karnak Bridge

    Loading

    मुंबई: मुंबई की लोकल ट्रेनों (Mumbai Local Trains) और लंबी दूरी की मेल, एक्सप्रेस गाड़ियों में सफ़र करने वालों के लिए बड़ी खबर है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई (CSMT) और मस्जिद स्टेशन के बीच डेढ़ सौ साल पुराने कर्नाक पुल (Karnak Bridge) को गिराने के लिए मध्य रेलवे (Central Railway) ने मुंबई सीएसएमटी और भायखला स्टेशन के बीच 27 घंटे का जंबो ब्लॉक (Jumbo Block) लेने का निर्णय लिया है। ब्लॉक के दौरान मध्य और हार्बर रूट की सभी लोकल ट्रेनें बंद रहेगी। 19 नवंबर की रात से शुरु होने वाला जंबो ब्लॉक 21 नवंबर तक रहेगा। इस बीच, मुंबई सीएसएमटी से छूटने वाली 36 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 68 ट्रेनों को आंशिक रुप से रद्द किया गया है। 

    बीएमसी ने कर्नाक पुल को जर्जर घोषित किया है। जिस पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। महानगरपालिका की तरफ से पुल को तोड़ने की कार्रवाई करने की मांग रेलवे प्रशासन से की गयी थी। जिस पर मध्य रेलवे ने जंबो ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। 19 नवंबर से 21 नवंबर के बीच जर्जर पुल को ढहाने का काम किया जाएगा। 

    जंबो ब्लॉक भायखला और सीएसएमटी स्टेशनों के बीच 

    मध्य रेलवे प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि जंबो ब्लॉक  भायखला और मुंबई सीएसएमटी स्टेशनों के बीच 19 नवंबर शनिवार की रात 11 बजे से शुरु होगा जो 21 नवंबर सोमवार की भोर तक चलेगा। इस बीच पुल को ढहाने का काम किया जाएगा। रेलवे प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि मध्य रेलवे के मेन रूट पर लोकल सेवाएं 17 घंटे बाद शुरु होगी, जबकि हार्बर रेलवे की लोकल सेवाएं 21 घंटे बाद बहाल की जाएंगी। मेल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन 27 घंटों बाद ही शुरु हो पाएगा।  इस दौरान 36 मेल-एक्सप्रेस पूरी तरह से रद्द किया गया है, जबकि दादर, पनवेल, नासिक और पुणे में  68 मेल-एक्सप्रेस आंशिक रूप से रद्द रहेंगी।

    टिकट वापस किया जाएगा

    रेल प्रशासन ने जानकारी दी है कि ब्लॉक अवधि के दौरान रद्द की गई ट्रेनों के आरक्षण का पैसा यात्रियों को वापस कर दिया जाएगा। यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर उनके किराए का भुगतान किया जाएगा। रेलवे ने ब्लॉक की अवधि के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक बसों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध बेस्ट उपक्रम से किया है।