pm modi mumba

    Loading

    मुंबई: मुंबईकरों (Mumbaikars) का मेट्रो सफ़र आज से आसान हो गया है। गुरुवार को पीएम मोदी (PM Modi) ने मेट्रो 2 ए और 7 (Mumbai Metro 2A and 7) के पूर्ण रूट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पीएम ने सीएसएमटी के पुनर्विकास और बीएमसी के कई प्रोजेक्ट का डिजिटली भूमिपूजन भी किया। मुंबई शहर को बेहतर बनाने के लिए बीकेसी में हुए लोकार्पण और भूमिपूजन समारोह में पीएम के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस सहित कई केंद्रीय और राज्य के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

    पीएम मोदी ने कई इंफ़्रा परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि मुंबई के विकास को गति दी जाएगी। आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया जा रहा है। रोड,रेल,मेट्रो की कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। देश के विकास में महाराष्ट्र के मुंबई सहित अन्य शहरों का योगदान है। मुंबई में 300 किमी मेट्रो की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। मुंबई लोकल को भी फायदा होगा। देश के सबसे बड़े स्टेशनों में से सीएसएमटी का कायाकल्प होने जा रहा है। मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि शहर के ट्रांसप्लांटेशन पर काम हो रहा है।

    पीएम ने की मेट्रो की यात्रा

    बीकेसी में सभा के बाद पीएम मोदी मेट्रो-2 के गुन्दवली स्टेशन पहुंचे। उन्होंने गुंदवली स्टेशन से मोगरापाड़ा मेट्रो स्टेशन तक की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने यात्रा कर रहे कुछ बुजुर्ग और युवा यात्रियों से चर्चा भी की। मोगरापाड़ा से वापस गुंदवली मेट्रो स्टेशन पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल कोश्यारी, सीएम शिंदे डीसीएम फडणवीस और एमएमआरडीए कमिश्नर एसवीआर श्रीनिवास भी पीएम के साथ मौजुद रहे। पीएम मोदी ने मेट्रो कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ संवाद किया।

    जारी किया कॉमन मोबिलिटी कार्ड

    मुंबई मेट्रो से सफर को आसान बनाने वाले कॉमन मोबिलिटी कार्ड और मुंबई 1 मोबाइल एप का लोकार्पण भी पीएम मोदी ने किया मेट्रो में यात्रियों को दो अलग टिकट नहीं लेना पड़े इसके लिए कॉमन मोबिलिटी टिकट योजना बनाई गई है। यह मोबाइल एप यात्रा को सुगम बनाने में मदद करेगा। इसे मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार पर दिखाया जा सकता है और यह यूपीआई के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए डिजिटल भुगतान में सहायता करेगा।

    मेट्रो से 4 लाख लोग कर सकेंगे यात्रा

    दहिसर (पूर्व) और डीएन नगर (येलो लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2 ए  लगभग 18।6 किलोमीटर लंबी है, जबकि अंधेरी (पूर्व) एवं दहिसर (पूर्व) (रेड लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 7 लगभग 16.5 किलोमीटर लंबी है। आने वाले समय में 30 स्टेशनों वाली इस मेट्रो लाइन पर लगभग 4 लाख लोग रोजाना यात्रा कर सकेंगे। पीएम  मोदी ने ही 2015 में इन लाइन की आधारशिला रखी थी। यह मेट्रो रूट 2 ए और वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर मेट्रो 1 के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

    22 मेट्रो ट्रेनें दौड़ेगी

    फिलहाल 6 कोच वाले 22  रेक संचालन के लिए उपलब्ध होंगे। शुक्रवार से दोनों लाइनों पर सेवाएं 7 से 8 मिनट के अंतराल में संचालित की जाएंगी। प्रत्येक ट्रेन में 2308 लोग यात्रा कर सकेंगे, जिनमें 310 सिटिंग और 1998 स्टेंडिंग क्षमता है। मेट्रो सबेरे 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध होगी। वैसे मेट्रो 2 ए और 7 (दहानुकरवाड़ी-दहिसर-आरे) के पहले चरण को पिछले वर्ष अप्रैल में खोला गया था। दोनों चरण खुल जाने से मुंबई का पश्चिमी उपनगर सीधे घाटकोपर से जुड़ गया है।