Samridhi-Expressway and modi

    Loading

    मुंबई: नागपुर (Nagpur) से मुंबई (Mumbai) के बीच बन रहे समृद्धि एक्सप्रेस-वे (Samridhi Expressway) का उद्घाटन जल्द ही पीएम मोदी (PM Modi) और सीएम शिंदे की उपस्थिति में होगा। राज्य में सरकार बदलने के साथ ही उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) सीधे एक्शन मोड पर आ गए हैं। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्धि एक्सप्रेस-वे के पहले और दूसरे चरण का काम अगस्त तक पूरा हो जाना चाहिए। 

    उल्लेखनीय है कि नागपुर से शेलुगांव तक 210 किमी के पहले पैच को 2 मई से खोलने की तैयारी की गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन वाइल्डलाइफ ओवरपास के काम में तकनीकी गड़बड़ी होने के चलते लोकार्पण टाल दिया था। 

    फडणवीस के कार्यकाल में काम शुरू

    विदर्भ और मराठवाड़ा के विकास को नई दिशा देने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे के काम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के कार्यकाल में ही हुई थी। उस समय सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एकनाथ शिंदे थे। पिछले ढाई वर्ष के दौरान भी शिंदे के पास ही समृद्धि की जिम्मेदारी थी। एकनाथ शिंदे लगातार समृद्धि महामार्ग का काम पूरा करवाने में लगे हुए थे। अब शिंदे स्वयं मुख्यमंत्री हो गए हैं। इस बहुद्देश्यीय एक्सप्रेस-वे को स्व.बालासाहेब ठाकरे का नाम दिया गया है।

    जुलाई तक काम पूरा

    एमएसआरडीसी अधिकारियों के अनुसार, 30 जुलाई तक वाइल्डलाइफ ओवरपास सहित अन्य छोटे-मोटे काम पूरे कर लिए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार अब पहला चरण अगस्त से खोला जा सकता है। एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर बाउंड्री वाल का काम भी तेजी से चल रहा है।

    दोनों चरण खोलने का लक्ष्य

    शेलु गांव से लेकर शिर्डी तक दूसरे चरण का काम भी तेजी से चल रहा है। इसे भी खोले जाने का लक्ष्य है। एमएसआरडीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार लगभग 502 किमी का दोनों चरण अगस्त से खोला जा सकता है। 

    2023 में होगा पूरा

    समृद्धि एक्सप्रेस-वे दिसंबर 2023 तक मुंबई तक खोल दिया जाएगा। तीसरे चरण में शिर्डी से इगतपुरी और ठाणे तक का कार्य भी चल रहा है। राज्य की उप राजधानी नागपुर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे का 701 किमी का काम 18 पैकेज में अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से किया जा रहा है।