उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिखाई ताकत, कहा- ढाई वर्ष सरकार चलेगी नहीं दौड़ेगी

    Loading

    • एयरपोर्ट से अपने निजी निवास तक किया रोड शो

    नागपुर: राज्य के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नागपुर पहुंचे देवेंद्र फडणवीस का ढोल-ताशों के साथ जंगी स्वागत किया गया. डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचते ही देवेंद्र फडणवीस को फूल-मालाओं से लाद दिया गया। कार्यकर्ताओं के भारी समर्थन से उत्साह में भरे फडणवीस ने कहा कि, “उनकी सरकार ढाई वर्ष चलेगी नहीं दौड़ेगी। इसके बाद हम पूर्ण बहुमत के साथ पांच साल के लिए सत्ता में वापस आएंगे।”

    फडणवीस के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक शानदार रथ बनाया था। जिस पर सवार होकर फडणवीस ने एयरपोर्ट से धरमपेठ स्थित निजी निवास तक रोड शो किया। रथ पर देवेंद्र की धर्मपत्नी अमृता फडणवीस के अलावा चंद्रशेखर बावनकुले, कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, परिणय फुके, विकास महात्मे आदि सवार थे। विमानतल पर फडणवीस का स्वागत करने के लिए चंद्रशेखर  विकास कुंभारे, समीर मेघे, मोहन मते, प्रवीण दटके, आशीष जायसवाल, संदीप जोशी, दयाशंकर तिवारी सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

    ढाई वर्ष सरकार चलेगी नहीं दौड़ेगी

    देवेद्र फडणवीस – एकनाथ शिंदे सरकार के आगामी 6 माह में गिर जाने की भविष्यवाणी करने वालों  को खरी-खरी सुनाते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमारी सरकार ढाई वर्ष चलेगी ही नहीं बल्कि सरपट दौड़ेगी। इसके अलावा आनेवाले 5 वर्ष के लिए हम बहुमत लेकर भी आएंगे। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नागपुर पहुंचे देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2014 में जब हमने सरकार की स्थापना की तब भी यही कहा जा रहा था। परंतु 40 वर्षों के बाद किसी सरकार को 5 वर्ष तक चलानेवाला यही देवेंद्र फडणवीस था और भाजपा सरकार ही थी। आगामी ढाई वर्षों में हम अधूरे पड़े कामों को पूरा करेंगे और आगामी 5 वर्षों तक सरकार चलाने के लिए बहुमत के साथ वापस चुन कर आएंगे।

    नागपुर पहुंचे देवेंद्र ने जनता के साथ संवाद साधते हुए कहा कि आगामी ढाई साल तक कर्म ही प्रधान रहेगा। विदर्भ सहित महाराष्ट्र के नागरिकों की समस्त समस्याओं को हल करने की कोशिश की जाएगी। दिन-रात एक कर महाराष्ट्र को नंबर 1 राज्य बनाने बिना हम चैन नहीं लेंगे। विगत ढाई वर्षों से राज्य में दुराचार, भ्रष्टाचार काफी बढ़ गया था। राज्य में प्रशासकीय व्यवस्था ठप पड़ी थी। जनता का कोई काम नहीं हो रहा था। अब जनता की समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा और जनहित के लिए काम किए जाएंगे।

    देवेंद्र ने कहा कि 2019 में जनता ने गठबंधन को सरकार चलाने के लिए बहुमत दिया था। लेकिन शिवसेना ने इस बहुमत को चुरा लिया था जो अब हमें वापस मिल गया है। अब जनता की अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए हम काम करेंगे। एकनाथ शिंदे हमारे मुख्यमंत्री हैं. ऐसे में यहां पर शिंदे के स्वागत का जयघोष मुंबई और ठाणे में भी सुनाई देना चाहिए।

    नागपुर की जनता का धन्यवाद

    देवेंद्र ने कहा कि मैं एक महीने से ज्यादा नागपुर से दूर था। नागपुर मेरी कर्मभूमि, जन्मभूमि, पुण्यभूमि और विचारभूमि है। जब-जब नागपुर लौटता हूं तो आप लोगों से मिलकर मन एक आत्मिक आनंद से भर जाता है। आज नागपुरवासियों ने जो मेरा भव्य सत्कार किया है उसके लिए नागपुर की जनता का धन्यवाद? मैं नागपुर का कर्जदार हूं और जीवन के अंतिम क्षण तक नागपुर की सेवा कर इस कर्ज को उतारने की कोशिश करते रहूंगा।

    शहर में जगह-जगह हुआ स्वागत

    फडणवीस के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में तैयारियां की गई थी।फडणवीस ने जैसे ही एयरपोर्ट में प्रवेश किया ‘कौन आया, कौन आया…महाराष्ट्र का शेर आया’ के नारों से सारा एयरपोर्ट गूंज उठा। एयरपोर्ट से धरमपेठ पहुंचने के दौरान शहर में जगह-जगह फडणवीस का स्वागत किया गया।  देवेंद्र फडणवीस का स्वागत करने के लिए भंडारा, गोंदिया और गढ़चिरोली से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।