sea-plane
File

    Loading

    मुंबई: पर्यटन को बढ़ावा (Tourism Promotion) देने के लिए गुजरात (Gujarat) की तरह महाराष्ट्र (Maharashtra) में भी सी प्लेन शुरु करने की तैयारी राज्य सरकार ने की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने सभी तालुकाओं में हेलीपैड (Helipads) का निर्माण करने का निर्देश दिया है। जिसका उपयोग आपातकालीन परिस्थिति में चिकित्सा उपलब्ध कराने में किया जा सके।

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंत्रालय में महाराष्ट्र हवाईअड्डा विकास प्राधिकरण की बैठक कर परियोजनाओं की समीक्षा की। सीएम शिंदे ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोसीखुर्द, कोयना सहित कोंकण के तटीय क्षेत्र में सी प्लेन शुरु किया जा सकता है। इस संदर्भ में योजना तैयार करने की जरुरत है। बैठक में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज सौनिक, महाराष्ट्र हवाईअड्डा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दीपक कपूर और अन्य मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अमरावती, शिर्डी, गोंदिया, रत्नागिरी और सोलापुर एयरपोर्ट के विकास की समीक्षा की।

    रन-वे का भी विस्तारीकरण आवश्यक  

    मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के साथ ही राज्य के रन-वे का भी विस्तारीकरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तालुका मुख्यालय पर हेलीपैड का निर्माण किया जाना चाहिए। इसके लिए जगह निश्चित करने का निर्देश भी मुख्यमंत्री शिंदे ने दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीज को लिफ्ट करने और चिकित्सीय मदद के लिए भी हेलीपैड का इस्तेमाल किया जा सकता है। 

    राज्य में कुल 15 एयरपोर्ट 

    महाराष्ट्र में कुल 15 हवाई अड्डा और 28 रन-वे हैं। मुंबई, पुणे, नागपुर, औरंगाबाद एयरपोर्ट का उपयोग पूरी क्षमता के साथ किया जा रहा है। शिर्डी एयरपोर्ट पर नाईट लैंडिंग का सुविधा निर्माण करने का  प्रस्ताव नागरी विमान परिवहन  महानिदेशक के पास भेजा गया है। यह जानकारी दीपक कपूर ने बैठक में दी।