मुंबई में किशोरों के टीकाकरण की धीमी शुरुआत, पांच दिन में मात्र 44 हजार ने ली डोज

    Loading

    मुंबई: वैसे तो राज्य में टीकाकरण के मामले मुंबई सबसे आगे है, लेकिन किशोरों के टीकाकरण को बहुत धीमी शुरुआत मिली है। पिछले 5 दिनों में मुंबई में 50,618 किशोरों ने वैक्सीन लिया है। अधिकारियों की माने तो मुंबई के शुरुआती दिनों में केवल 9 केंद्र पर ही टीकाकरण हो रहा था, जिसके चलते संख्या कम है, लेकिन अब 40 केंद्रों में टीकाकरण किया जा रहा है तो आने वाले दिनों में आंकड़ों के वृद्धि हो सकती है। 

    कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए केंद्र सरकार ने जनवरी से 15 से 18 उम्र के किशोरों का टीकाकरण शुरू करने की घोषणा की। मुंबई सहित राज्य में किशोरों के टीकाकरण के लिए अनेक व्यवस्था की गई है। राज्य में टीकाकरण को अच्छी शुरुआत मिली है, लेकिन मुंबई में शुरुआत धीमी रही है।

    40 केंद्रों में किया जा रहा है टीकाकरण 

    बीएमसी स्वास्थ्य विभाग की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में केंद्र कम होने के कारण संख्या कम थी, लेकिन अब 40 केंद्रों में टीकाकरण किया जा रहा है। धीरे-धीरे संख्या में इजाफा होगा। वहीं कुछ एक्सपर्ट्स की माने तो मुंबई में कई अभिभावक अब भी अपने बच्चों को वैक्सीन दिलाए या नहीं इसको लेकर दुविधा में हैं।  फिलहाल किशोरों में कोई साइड इफेक्ट नहीं देखने को मिला है ऐसे में आने वाले दिनों में अभिभावकों का वैक्सीन के प्रति विश्वास बढ़े।

    राज्य में 14.77 लाख ने लिया टीका

    राज्य में टीकाकरण की शुरुआत ठीक-ठाक हुई है। राज्य में 60 लाख किशोर है, जिनमें से महज 5 दिन में 14 लाख 77 हजार 173 किशोरों ने वैक्सीन की डोज ली है, जबकि मुंबई में कुल 9 लाख किशोरों में से 50 हजार ने वैक्सीन ली है। राज्य के टीकाकरण में मुंबई का कंट्रीब्यूशन फिलहाल 2 से 3 फीसदी है।