Samridhi-Expressway

Loading

मुंबई: राज्य के सबसे हाई टेक कहे जाने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे (Samridhi Expressway) पर रात का सफर अब खतरनाक होता जा रहा है। इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे (Greenfield Expressway) पर पिछले कुछ दिनों में पथराव (Stone Pelting) की घटनाएं लगातार देखने को मिल रही हैं। इस बीच एक ऐसा ही वाकया फिर सामने आया है। वैजापुर के सुरला शिवारा में समृद्धि एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों पर रात में पथराव की घटना में दो लोग घायल (Injured) हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। इससे पहले भी अज्ञात लोगों ने वैजापुर तालुका के जंबरगांव के पास समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक दौड़ते हुए वाहन पर पथराव किया था।

नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काफी धूमधाम से किया था, लेकिन उद्घाटन के बाद से ही यह एक्सप्रेस-वे किसी न किसी वजह से लगातार चर्चा में बना हुआ है। नागपुर से शिर्डी तक लगभग 503 किमी का एक्सप्रेस-वे यातायात के लिए खोला गया है। एक्सप्रेस-वे पर लगातार होते हादसों से समृद्धि एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 

सिलसिलेवार हादसों को लेकर सुर्खियों में एक्सप्रेस-वे

समृद्धि एक्सप्रेस-वे खुलने के बाद सिलसिलेवार हादसों को लेकर यह सुर्खियों में है। तेज गति के चलते कई वाहन भी दुर्घटना के शिकार हुए हैं। अब रात में वाहनों पर पथराव की घटना को लेकर भी चर्चा में हैं। सोमवार की देर रात एक बार फिर ऐसा ही वाकया सामने आया है। राजस्थान के श्रद्धालु समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर जीप से शिर्डी से छत्रपति संभाजीनगर जा रहे थे, तब वैजापुर के सुरला में उनके वाहन पर पथराव किया गया। इस में घटना दो लोग घायल हो गए, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है। रात्रि में दूर-दूर तक अंधेरा और पुलिस की गश्त कम होने से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं हैं।

पहले भी हुई थी पत्थरबाजी

इससे पहले 13 मार्च को भी शिर्डी से नागपुर जा रहा एक परिवार पत्थरबाजी का शिकार हुआ था। उनकी कार छत्रपति संभाजीनगर के वैजापुर तालुका के जंबरगांव में पहुंची, उसी समय एक अज्ञात व्यक्ति ने दौड़ती हुई कार पर अचानक पथराव कर दिया। जिसमें एक महिला यात्री घायल हो गई। उनके पीछे चल रहे अन्य वाहन पर भी पथराव किया गया। इस बीच वैजापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। 

एक्सप्रेस-वे पर लूट की घटना

समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर जहां रात के समय सफर करने वाले वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं दो सप्ताह पूर्व भी इसी सड़क पर डकैती की घटना हुई थी। समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक गिरोह ने एक चालक को बंदूक और तलवार से डराकर उसे लूट लिया था। चालक के पास से दो अंगूठियां, 65 हजार रुपए नकद लूट लिए गए। एक के बाद एक हो रही इस तरह की घटनाओं से समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर रात का सफर अब खतरनाक होता जा रहा है। प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे पर रात में पुलिस की गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया है।