File Photo
File Photo

Loading

पिंपरी: लोगों को महंगाई (Inflation) का एक और झटका लगने जा रहा है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Pune-Mumbai Expressway) पर सफर अब महंगा होने जा रहा है क्योंकि महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने एक्सप्रेस-वे (Expressway) पर टोल (Toll) 1 अप्रैल से 18 फीसदी बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे दोनों शहरों के बीच आने-जाने का खर्च बढ़ जाएगा। इससे पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करने वाले लोगों में नाराजगी छा गई है। एमएसआरडीसी हर साल एक्सप्रेस-वे पर टोल छह फीसदी तक बढ़ाता है, लेकिन इसे हर तीन साल में एक साथ लागू किया जाता है। 

इससे पहले एक अप्रैल 2020 को टोल बढ़ाया गया था। टोल वृद्धि (Pune-Mumbai Expressway Toll Hike) के संबंध में अधिसूचना हर तीन साल में जारी की जाती है। इसी हिसाब से टोल बढ़ाया गया है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2023 से लागू होगी। 

इतना देना होगा बढ़ा हुआ टोल

मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे टोल बढ़ने से अब यात्रियों की जेब पर भी इसका बोझ पड़ेगा। कार उपयोगकर्ता पुणे से मुंबई में जाने के लिए टोल में 360 रुपए (एक्सप्रेस-वे पर 320 रुपए और वाशी के पास अन्य 40 रुपए) खर्च करेंगे। चौपहिया वाहन पहले 270 रुपए देते थे, अब 320 रुपए देने पड़ेंगे। टेंपो का टोल 420 से बढ़कर 495 हो जाएगा। ट्रक के 580 की जगह 685 रुपए कर दिए गए हैं। बस को अब 797 की जगह 940 रुपए टोल देना होगा। तीन एक्सेल को 1,380 की जगह 1,630 रुपये टोल देना होगा। एम एक्सेल का टोल पहले 1,835 रुपए था। अब यह बढ़कर 2,165 रुपए हो गया है। 

टोल बढ़ोतरी का विरोध

एक्सप्रेस-वे पर नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक ही बार में टोल में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी भारी पड़ने वाली है। दोनों शहरों के बीच अक्सर यात्रा करने वाले कौशल प्रधान ने कहा कि एक तरफ यह मार्ग असुरक्षित हो गया है, दूसरी तरफ टोल बढ़ाना किसी भी तरह न्यायसंगत नहीं है। पेशेवर उमेश पवार ने कहा कि एक्सप्रेस-वे टोल पर अचानक 18 प्रतिशत की वृद्धि चौंकाने वाली है। एमएसआरडीसी को अपनी नीति बदलनी चाहिए। हर तीन साल में 18 फीसदी बढ़ोतरी की बजाय हर साल अधिकतम 2-3 फीसदी तक टोल में वृद्धि करनी चाहिए। स्वराज्य वाहन चालक संगठन के अध्यक्ष गुरु कट्टी ने कहा कि चार सीटों वाली कार में पुणे-मुंबई मार्ग पर एक तरफ का किराया टोल सहित 2,800 रुपए है। 6 सीटर कार के लिए यह 3,600 रुपए है। टोल बढ़ने के बाद लगभग 300 से 400 रुपए की किराया वृद्धि हो सकती है।