Mayo hospital and Mental Hospital, Nagpur

    Loading

    नागपुर. संघ मुख्यालय और हेडगेवार भवन के बाद अब इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज व अस्पताल और मानकापुर स्थित मेंटल अस्पताल को उड़ाने की धमकी दी गई है। सोमवार की शाम 5.30 बजे के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके दोनों अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी दी। इससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों को फोन कॉल की जानकारी दी गई।

    दोनों ही संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और सभी को अलर्ट रहने को कहा गया। करीब 1 महीने में इसी तरह का कॉल कंट्रोल रूम को आया था। जिसमें संघ मुख्यालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद कर्नाटक से एक अपराधी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी मारने की धमकी देकर फिरौती मांगी थी।

    लगातार धमकी भरे कॉल से पुलिस विभाग का टेंशन बढ़ गया है। सोमवार की शाम 5.30 बजे के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने 112 पर कॉल किया। उसने मेयो और मेंटल अस्पताल में बम रखा होने की जानकारी दी और कहा कि जल्द ही धमाका होगा। कंट्रोल रूम ने आला अधिकारियों को सूचीत किया। तुरंत पुलिस की टीमें दोनों अस्पतालों में पहूंची।

    पूरे परिसर की छानबीन की गई लेकिन कोई आपत्तीजनक वस्तु नहीं मिली। दोनों ही थानों की पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया। इसके अलावा अस्पतालों में तैनात सुरक्षा रक्षकों को भी हर व्यक्ति की निगरानी करने को कहा गया। पुलिस का कहना है कि यह हरकत किसी शरारतीतत्व की है। बम की खबर केवल अफवाह है। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।