महिला के साथ वायरल वीडियो पर बोले शिंदे के सांसद गोडसे, चुनाव से पहले…

Loading

  • शिंदे के सांसद का ‘वीडियो’ वायरल
  • गोडसे का सवाल, चुनाव के समय क्यों 

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
Hemant Godse on viral video: सीएम एकनाथ शिंदे की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही है, लगातार उनके नेताओं पर आरोप पर आरोप लगते जा रहे हैं। शिंदे गुट के सांसद हेमंत गोडसे (Hemant Godse) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित रूप से एक महिला के साथ नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद गोडसे ने नासिक पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। साथ ही सवाल उठाया है कि आखिर लोकसभा चुनाव के ठीक पहले इस तरह का वीडियो लीक करने के पीछे का मकसद क्या है। नासिक (Nashik) के सांसद के रूप में गोडसे का यह दूसरा कार्यकाल है। शुरुआत में छह साल से अधिक समय तक महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से जुड़े रहने के बाद 2014 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 2013 में शिवसेना में शामिल हो गए थे। 

मॉर्फ वीडियो
यह मॉर्फ वीडियो है। मैंने नाशिक पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और उनसे जांच करने का आग्रह किया है। मुझे बदनाम करने की इस कोशिश के पीछे कौन है। इसका खुलासा होना जरूरी है। हेमंत गोडसे, सांसद (शिंदे गुट)

 
राहुल शेवाले पर महिला ने लगाया था आरोप
गोडसे अकेले नहीं है जिन पर आरोप लगा है, इससे पहले शिंदे गुट के सांसद राहुल शेवाले पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसके बाद उन्होंने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा था कि यह मेरे राजनीतिक करियर को समाप्त करने की साजिश है। फिलहाल यह मामला कोर्ट में लंबित है। 

संजय राठोड भी मॉडल ख़ुदकुशी में फंसे
शिंदे गुट के कैबिनेट मंत्री संजय राठोड भी मॉडल पूजा चव्हाण की ख़ुदकुशी मामले में फंसे थे। जिसके बाद उन्हें महाविकास आघाडी में मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि बाद में वे दोबारा सीएम शिंदे की सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए हैं। उनका दावा है कि चव्हाण खुदकुशी मामले में उन्हें क्लीन चिट मिल गई है। जबकि महायुति में शिंदे की सहयोगी बीजेपी नेता चित्रा वाघ का कहना है कि यह मामला खत्म नहीं हुआ है।