YCM pune

Loading

पिंपरी: कार्यालयीन कामकाज के समय में मरीजों की देखभाल छोड़कर योग का प्रशिक्षण लेने वाले यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल (YCM Hospital) के चिकित्सा अधिकारियों समेत आठ लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई का डंडा चल गया है। पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका कमिश्नर शेखर सिंह (PCMC Commissioner Shekhar Singh) ने इन सभी पर जुर्माना (Fine) लगाया है और जुर्माने की राशि उनके वेतन से वसूलने का आदेश दिया है। 

वाईसीएम अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. वर्षा जावले, लिपिक प्रतिभा मुनावत, सुषमा जाधव, सहायक भंडारपाल कविता बहोत, कांस्टेबल शामलता तारू और नर्स सविता ढोकले, नूतन मोरे, नीलिमा झगडे पर बिना अनुमति प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के लिए दंडात्मक कार्रवाई की गाज गिरी है। इसमें से डॉ. जावले पर 53 हजार 356, मुनावत पर 22 हजार 32, जाधव पर 10 हजार 432, बहोत पर 11 हजार 904 और तारू पर 11 हजार 896 रुपए और ढोकले, मोरे और झगड़े पर 200-200 रुपए जुर्माना लगाया गया है। 

योग प्रशिक्षण वर्ग को कोई लिखित स्वीकृति नहीं दी गई

वायसीएम अस्पताल के उपरोक्त अधिकारी, कर्मचारी अक्टूबर 2022 से बिना किसी अनुमति के रोजाना दोपहर 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक योग का प्रशिक्षण ले रहे थे। यह बात सामान्य प्रशासन विभाग की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में सामने आयी है। 

जुर्माने की राशि उनके वेतन से वसूल की जाएगी

वायसीएम अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था क्योंकि कर्मचारियों ने योग प्रशिक्षण कक्षा में कार्यालय समय के दौरान भाग लिया था जब वे मरीजों को तत्काल सेवाएं प्रदान करने के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने बताया कि योग प्रशिक्षण वर्ग को कोई लिखित स्वीकृति नहीं दी गई। इन कर्मचारियों द्वारा नोटिस का स्पष्टीकरण संतोषजनक उचित नहीं है। लिहाजा विभाग अध्यक्ष के खुलासे को संज्ञान में लेते हुए कमिश्नर ने दंडात्मक कार्रवाई का आदेश दिया। जुर्माने की राशि उनके वेतन से वसूल की जाएगी।