MP Srirang Barane

    Loading

    पिंपरी: रोजाना दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच लोनावला-पुणे-लोनावला रूट (Lonavala-Pune-Lonavala Route) पर कोई ट्रेन नहीं चलती है। इससे छात्रों और श्रमिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। छात्रों का समय व्यर्थ हो रहा है, उनकी पढ़ाई का भी नुकसान हो रहा है। इसके लिए लोकल ट्रेनों को लोनावला-पुणे-लोनावला रूट पर पहले की तरह दिन भर शुरु रखा जाए। इसके साथ ही सिंहगढ़ एक्सप्रेस (Sinhagad Express) की बोगी व्यवस्था में बदलाव के कारण सीटों की संख्या कम कर दी गई है। इससे सुबह पुणे से मुंबई (Pune to Mumbai) जाने वाले नागरिकों को परेशानी हो रही है।  इसके लिए सांसद श्रीरंग बारणे ने लोकसभा में एक्सप्रेस में दो कोच बढ़ाने की मांग की।

    संसद के शीत सत्र में लोनावला-पुणे-लोनावला के मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए सांसद बारणे ने कहा कि कोरोना महामारी से पहले लोनावला-पुणे रूट पर दिन भर लोकल ट्रेनें चलती थी। कोरोना के दौरान रेल सेवा बंद कर दी गई थी। अब जब स्थिति सामान्य हो गई है तो सभी ट्रेनें पूरी तरह से चल रही हैं। 

    दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच कोई ट्रेन नहीं चलती 

    मावल लोकसभा क्षेत्र में लोनावला-पुणे-लोनावला के बीच अभी भी सभी लोकल रेलवे ट्रेनें नहीं चल रही हैं। वर्तमान में लोनावला-पुणे-लोनावला के बीच कुछ ट्रेनें सुबह 12 बजे से पहले चलती हैं। दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच कोई ट्रेन नहीं चलती है। इससे पिंपरी- चिंचवड और तलेगांव दाभाडे के छात्रों, सरकारी कर्मचारियों, औद्योगिक क्षेत्र के दूसरी शिफ्ट के कर्मचारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर 12 से 2 बजे तक छात्रों को लोकल का इंतजार करना पड़ता है। छात्रों का समय व्यर्थ हो रहा है।

    सिंहगढ़ एक्सप्रेस के डिब्बों की संख्या बढ़ाएं

    2020 में सिंहगढ़ एक्सप्रेस के डिब्बों की संख्या 19 से घटाकर 16 कर दी गई है। इस बदली हुई कोच व्यवस्था से सीटों की संख्या कम हो गई। यह 1,908 से कम होकर 1, 818 सीटों पर पहुंच गई। कोरोना का प्रकोप कम होने के बाद सिंहगढ़ एक्सप्रेस में जनरल टिकट की सुविधा शुरू की गई थी। इस सुविधा को शुरू करते हुए सिंहगढ़ एक्सप्रेस के डिब्बों की संख्या फिर से दो घटा दी गई। अब केवल 14 कोच रह गए हैं। लिहाजा इसमें सीटों की संख्या घटकर तेरह सौ रह गई है। दो कोच कम होने से पुणे-मुंबई-पुणे जाने वाले रेल यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिंहगढ़ एक्सप्रेस सुबह पुणे से मुंबई जाने वाली पहली ट्रेन है। लिहाजा इस ट्रेन से हजारों यात्री मुंबई जाते हैं। सीटों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। इसमें बच्चों, महिला यात्रियों की संख्या ज्यादा है। इसलिए सिंहगढ़ एक्सप्रेस को दो कोच बढ़ाकर 16 कोच किया जाए। ताकि जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को सीट मिल सके, यह मांग भी सांसद बारणे ने की है।