
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे (Pune) में गणेशोत्सव और ईद-ए-मिलाद (Ganeshotsav and Eid-e-Milad) त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने शहर के अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन (Combing Operation) की शुरुआत की। आधी रात को पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई कर हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई की। यह छापेमारी हुड़दंगियों पर लगाम लगाने और त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बने रखने के लिए की गई है। अभियान में क्राइम ब्रांच के साथ ही विभिन्न थानों की टीमें शामिल रहीं।
717 अपराधी अपने मूल पते पर रहते पाए गए
पुलिस रिकॉर्ड में 2,544 अपराधियों में से 717 अपने मूल पते पर रहते पाए गए। पुलिस ने जोन एक की सीमा में चाकू लेकर घूम रहे एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जोन दो में गंभीर अपराध में फरार चल रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अक्षय सुरेश शिंदे (22, हांडेवाड़ी ) को पुलिस ने गांजा बेचने के मामले में एंटीनारकोटिक्स स्क्वाड द्वारा गिरफ्तार किया गया था। क्राइम ब्रांच की यूनिट तीन ने पर्वती इलाके में महात्मा फुले वसाहत, सिंहगढ़ रोड के आदित्य युवराज भालेराव (19), रितिक दिलीप कांबले (23), गौरव वामन चव्हाण (23), अजय राजू दास (19) को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, एसटी बस स्टैंड परिसर के साथ-साथ शहर के लॉज और होटलों का भी निरीक्षण किया। यातायात पुलिस ने नाकाबंदी कर 257 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त रितेश कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक, अतिरिक्त आयुक्त रामनाथ पोकले, रंजन कुमार शर्मा, प्रवीण कुमार पाटिल, डीसीपी अमोल ज़ेंडे, संदीप सिंह गिल, स्मार्तना पाटिल, सुहेल शर्मा, शशिकांत बोराटे, विक्रांत देशमुख और विजय कुमार मगर के मार्गदर्शन में की गई।