Weather Update
महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश

Loading

  • पुणे में चढ़ा पारा ठंड गायब बढ़ी गर्मी 
  • बेमौसम बारिश का अनुमान
  • ओलावृष्टि की भी संभावना
पुणे: राज्य में कई जगहों पर बेमौसम बारिश हुई है। इस बेमौसम बारिश का असर राज्य भर के किसानों पर पड़ा है, जिससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। एक तरफ जहां बेमौसम बारिश से किसान परेशान हैं। वहीं दूसरी तरफ पुणे में तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। पिछले दो दिनों से पुणे शहर और जिले के तापमान में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे पुणेकरों को गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार बेमौसम बारिश का आने वाले दिनों में भी हो सकती है। 
 
पंखा एसी और कूलर का सहारा ले रहे हैं लोग 
पुणे में पिछले दो दिनों से रात में भयानक गर्मी महसूस हो रही है। बिना पंखे या एसी के सोना मुश्किल हो रहा है। इसका कारण यह है कि शहर में चार साल में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इतना ही नहीं, दशकों में फरवरी महीने में छठा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। सीरिल मैसी पुणे में रहकर कानून की पढाई कर रहे हैं। मैसी ने बताया कि उन्हें साइनस की दिक्कत है जिसके कारण वह हवा से बचते रहे हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से बढ़ी गर्मी के कारण रात में भी उन्हें पंखे और कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है।   
 
 
तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के पार 
पिछले दो दिनों से पुणे शहर और जिले का तापमान बढ़ गया है। बुधवार को पुणे शहर का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस को पार कर 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दो दिनों में पुणे से ठंड गायब हो गई है और पुणे के लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। पुणेकरों को दोपहर में सूरज की तपिश झेलनी पड़ रही है। राजेश श्रीवास्तव एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। दोपहर 12 बजे दफ्तर में रिपोर्ट करना होता है। श्रीवास्तव बताते हैं कि इस बार फरवरी महीने में ही धूप की वजह से वे परेशान हो गए हैं और अब अपनी शिफ्ट टाइमिंग बदलने की सोच रहे हैं। 
 
2 मार्च के बाद तापमान में हो सकती है मामूली गिरावट 
जानकारी के मुताबिक पुणे शहर में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और 2 मार्च के बाद मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि उत्तरी हवा के कारण शहर के तापमान कुछ हद तक गिरावट हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण गर्म हवा आ रही है। इसलिए पुणे वेधशाला ने अगले दो दिनों में विदर्भ के साथ मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। 
 
किसानों को भारी नुकसान
तीन-चार दिनों से बेमौसम बारिश ने पूरे राज्य में भारी तबाही मचायी है। विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में तूफानी हवाओं के साथ बेमौसम बारिश हुई है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। अब एक बार फिर ‘पश्चिमी विक्षोभ’ के सक्रिय होने से राज्य भर में बेमौसम बारिश की चेतावनी जारी की गई है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।