accident
File Photo

    Loading

    पुणे. पुणे (Pune) में अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों (Road Accidents) में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत (Death) हो गई है। इसमें से लोणीकंद परिसर में एक ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से सरिया पेट में घुसने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक का नाम सागर शंकर वाघमारे (20) है । इस मामले में लोणीकंद पुलिस (Lonikand Police) ने रमेश नंदकुमार साठे ( 24) को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक ड्राइवर रमेश तेज़ गति से चलाकर अहमदनगर से पुणे आ रहा था। उसकी ट्रक के पीछे सागर बाइक से आ रहा था।  महालक्ष्मी स्टील दुकान के पास रमेश ने अचानक से ट्रक से टर्न लिया। सागर के पेट में ट्रक का सरिया घुस गया। इससे वह बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। चालक को गिरफ्तार कर लोणीकंद पुलिस छानबीन में जुट गई है।

    टेम्पो की टक्कर में महिला की मौत

    सिंहगढ़ रोड परिसर में टेम्पो की टक्कर में कोमल भारत अडांगले (33) नामक महिला की मौत हो गई। जबकि उनके पति भारत अडांगले (38) घायल हो गए। इस मामले में अज्ञात टेम्पो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार भारत बाइक से अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे। वे तालबुवा चौक से भूमकर चौक जाने के दौरान तेज़ गति से जा रही टेम्पो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक पर पीछे बैठी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद टेम्पो चालक फरार हो गया। मामले की जांच सिंहगढ़ रोड पुलिस कर रही है। लोणीकंद परिसर में कार की टक्कर में एक 32 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में कार चालक कान्हू तुकाराम कर्डिले ( 53) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस अंमलदार दीपक महाले ने लोणीकंद  पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।