Supriya Sule

Loading

मुंबई: शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मखौल उड़ाया और पूछा कि क्या उसके पास अपनी कोई प्रतिभा नहीं है। उनका यह बयान पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा (Milind Deora) के कांग्रेस (Congress) छोड़ने की पृष्ठभूमि में आया है। जो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो गए, जिसका महाराष्ट्र में भाजपा से गठबंधन है।

इस घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर सुले ने कांग्रेस के नेताओं के पाला बदलकर सत्तारूढ़ दल में जाने के स्पष्ट संदर्भ में कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल, कांग्रेस पार्टी बनते जा रहे हैं। उन्होंने पूछा, ‘‘मैं पूछती हूं कि क्या भाजपा में कोई प्रतिभा नहीं है। भाजपा के उन कार्यकर्ताओं का क्या जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है।” 

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को उनकी न्याय यात्रा के लिए उनकी सारी मेहनत के लिए शुभकामनाएं, जो प्यार फैलाने और भारत के संविधान के अनुसार काम करने के लिए है।”

शिवसेना में हुए शामिल 

पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा रविवार की सुबह कांग्रेस छोड़ने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हो गए।  दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट से पूर्व सांसद देवरा दोपहर में, मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास वर्षा में एक कार्यक्रम में सत्तारूढ़ दल में शामिल हुए।

कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा

इससे पहले, मिलिंद देवरा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कांग्रेस से अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी राजनीतिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय आज समाप्त हो गया। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।”