नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में अब बायोमेट्रिक हाजिरी

    Loading

    नवी मुंबई: विगत तीन से चार साल में अव्यवस्थित नवी मुंबई पुलिस बल में नए पुलिस कमिश्नर ने अनुशासन लागू करना शुरू कर दिया है, पुलिस कमिश्नर ने मुख्यालय में कार्यरत पुलिसकर्मियों की लेट लतीफी पर अंकुश लगाने के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी (Biometric Attendance) शुरू कराई है। पुलिस कमिश्नर ( Police Commissioner ) के इस पारदर्शी फैसले का ईमानदारी से काम करने वाले कर्मचारियों ने स्वागत किया है।

    गौरतलब है कि नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय में नवी मुंबई, पनवेल और उरण शामिल हैं। जहां की आबादी लगातार बढ़ रही है। यह शहर मुंबई का प्रवेश द्वार है। यहां से राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं। वहीं जेएनपीटी इंटरनेशनल पोर्ट, मुंबई कृषि उपज बाजार समिति, लोहा और इस्पात बाजार के साथ-साथ एमआईडीसी नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र में है। इसलिए इस क्षेत्र में अपराध दर भी बढ़ी है। कुल आबादी की तुलना में नवी मुंबई पुलिस बल के पास कम जनशक्ति है।

    नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में करीब 900 कर्मचारी कार्यरत

    नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में करीब 900 कर्मचारी कार्यरत हैं। विभिन्न सुरक्षा के साथ-साथ कैदी दल, नियंत्रण कक्ष, विभिन्न प्रकार के गश्ती दल, वीआईपी सुरक्षा के साथ-साथ सुरक्षा बल के अलावा विभिन्न कर्तव्यों को पूरा करना इन कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है, लेकिन पिछले कुछ सालों में इस जगह पर वीआईपी कल्चर सामने आया है। जिसकी वजह से लगभग 300 पुलिसकर्मी यहां पर सिर्फ पेपर ड्यूटी कर रहे थे। जिनकी हाजिरी लगते रहती थी। ऐसे कर्मचारियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर मिलिंद भारंबे द्वारा नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति शुरू की गई है। जिसकी वजह से अब नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में पुलिसकर्मियों की संख्या पहले से अधिक नजर आने लगी है। पुलिस कमिश्नर द्वारा मुख्यालय में तीन बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई है, इससे मुख्यालय में काफी पारदर्शिता आई है।

    नवी मुंबई पुलिस मुख्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की सर्विस सीट अपडेट करने का आदेश दिया है। जिसके द्वारा यातायात सहित अन्य क्रीम पुलिस स्टेशनों में 2-3 टर्म कार्यरत लोगों की जानकारी ली जाएगी। अगले दो-तीन माह में नवी मुंबई पुलिस विभाग में कई परिवर्तन होंगे।

    -मिलिंद भारंबे, पुलिस कमिश्नर, नवी मुंबई