Water Taxi

    Loading

    मुंबई: मुंबई के साथ ठाणे (Thane) और पालघर (Palghar) को जल मार्ग से जोड़ने की योजना पर काम हो रहा है। सड़क और अन्य यातायात साधनों पर भार कम करने के लिए जल परिवहन को बढ़ावा देने का काम राज्य सरकार कर रही है। उक्त मत राज्य के बंदरगाह एवं खान मंत्री दादा भुसे ने व्यक्त किया। मंगलवार को बेलापुर (Belapur) से गेटवे ऑफ इंडिया (Gateway of India) के बीच वाटर टैक्सी (Water Taxi) का शुभारंभ किया गया। 

    बेलापुर जेट्टी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री भुसे के साथ विधायक मंदाताई म्हात्रे, बंदरगाह एवं परिवहन विभाग के प्रधान सचिव पराग जैन, महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सैनी, नयनतारा शिपिंग कॉरपोरेशन के कैप्टन रोहित सिन्हा, इन्फिनिटी हार्बर सर्विसेज के सोहेल कज़ानी आदि मौजूद थे।

    55 मिनट में मुंबई

    महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड द्वारा शुरू की गई वॉटर टैक्सी सर्विस से 55 मिनट में मुंबई पहुंचा जा सकता है। उद्घाटन करने के बाद मंत्री ने बेलापुर से गेटवे ऑफ इंडिया तक वाटर टैक्सी से यात्रा की। भुसे ने कहा कि यह अच्छा वैकल्पिक साधन है। इससे यात्रा समय और ईंधन की बचत कर वाहनों के प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, वसई-विरार, पालघर जैसे शहरों को समुद्र तट का उपयोग कर जलमार्ग से जोड़ने पर जोर दिया गया है।

    बेलापुर से होवरक्राफ्ट सेवा

    मेरीटाइम बोर्ड के सीईओ अमित सैनी ने कहा कि वाटर टैक्सी से यात्रियों का समय बचेगा। इस सेवा के साथ-साथ मैरीटाइम बोर्ड की ओर से बेलापुर से एलिफेंटा, बेलापुर से मांडवा मार्ग पर भी सेवा चल रही है। जल्द ही हम बेलापुर में होवरक्राफ्ट सेवा शुरू करेंगे।

    200 यात्रियों की क्षमता

    वाटर टैक्सी एक समय में कुल 200 यात्रियों को ले जा सकती है। यह सेवा नयनतारा शिपिंग कॉरपोरेशन और इन्फिनिटी हार्बर सर्विसेज द्वारा संचालित की जाएगी। हाई स्पीड बोट मुंबई से मांडवा जलमार्ग पर चलेगी, वही नाव बेलापुर से गेटवे ऑफ इंडिया जलमार्ग पर संचालित की जाएगी। बेलापुर-गेटवे ऑफ इंडिया, मुंबई क्रूज टर्मिनल से मांडवा, मांडवा से मुंबई क्रूज टर्मिनल और गेटवे ऑफ इंडिया से बेलापुर तक रहेंगी। बेलापुर से गेटवे ऑफ इंडिया सुबह 8:30 बजे और गेटवे ऑफ इंडिया से बेलापुर शाम 6:30 बजे दो फेरे होंगे। डबल डेकर बोट में निचले डेक के लिए 250 रुपए और ऊपरी डेक (बिजनेस क्लास) के लिए 350 रुपए टिकट होगा। (इकोनॉमी क्लास) पर 139 यात्रियों और ऊपरी मंजिल (बिजनेस क्लास) पर 60 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था हैं।