फिल्म हर हर महादेव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और मनसे हुई आमने-सामने, विवाद को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है

    Loading

    ठाणे : ठाणे के विवियाना मॉल (Viviana Mall) के सिनेपोलिस थिएटर (Cinepolis Theatre) में लगे ‘हर हर महादेव’ (Har Har Mahadev) फिल्म दिखाए जाने को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) द्वारा विधायक जितेंद्र आव्हाड (MLA Jitendra Awhad) की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन के कारण जहाँ सिनेपोलिस में इस फिल्म का प्रसारण रोक दिया गया। वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान मारपीट की भी घटना को संज्ञान में लेते हुए वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में विधायक आव्हाड और उनके 100 समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। 

    ठाणे शहर के सिनेपोलिस थिएटर में दिखाई जा रही हर हर महादेव फिल्म के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। बताया जाता है कि इस विरोध प्रदर्शन के दौरान परीक्षित विजय सुर्वे ने आंदोलनकारियों के साथ गाली गलौज की। इससे उत्तेजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समर्थकों ने सुर्वे की जमकर पिटाई कर दी थी। इस मारपीट के खिलाफ सुर्वे ने वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड के साथ ही एक सौ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 

    हिम्मत हो तो शो बंद करके दिखाएं 

    मराठी फिल्म ‘हर हर महादेव’ में इतिहास को तोड़े जाने के विरोध में सोमवार रात विवियाना मॉल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा फिल्म की स्क्रीनिंग रोके जाने के बाद अब मनसे इस लड़ाई में कूद गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के आंदोलन के बाद मनसे की तरफ से रात इस शो को फिर से शुरू कर दिया गया था।  वहीं मंगलवार शाम को मनसे ने एक ही मॉल में फिल्म के लिए दो स्क्रीन बुक की थी और दर्शकों को मुफ्त में फिल्म दिखाई। साथ ही मनसे के ठाणे-पालघर जिला अध्यक्ष अविनाश जाधव ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को ललकारते हुए कहा कि हिम्मत हो तो फिल्म बंद करके दिखाएं। मनसे द्वारा दी गई इस चुनौती के बाद ठाणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और मनसे के बीच विवाद बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। 

    कुछ दिन पहले छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित फिल्म ‘हर हर महादेव’ सिनेमाघरों में दिखाई गई थी। लेकिन, इस फिल्म को अब विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने सोमवार रात 10 बजे विवियाना मॉल में अचानक अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और शो बंद कराते हुए दर्शकों को फिल्म न देखने की अपील की। इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं की एक दर्शक के साथ हाथापाई भी हो गई। आव्हाड का ने आरोप लगाया है कि इस फिल्म को इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं के वहां से चले जाने के बाद ठाणे-पालघर जिला अध्यक्ष अविनाश जाधव के मनसे के कार्यकर्ताओं के साथ विवियाना मॉल पहुंचे और शो को दोबारा शुरू करा दिया। 

    साथ ही जाधव के नेतृत्व में मनसे की ओर से मंगलवार शाम 6.15 बजे एक और शो बुक किया गया है। जाधव ने कहा कि दर्शकों को भी बताएं कि वास्तव में इस फिल्म में क्या है, वे भी उत्सुक हैं कि वास्तव में इस फिल्म में क्या है, इसलिए हमने इस शो को मुफ्त में रखा है। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि जो विरोध करना चाहते हैं वे आएं, और हम उन्हें विरोध का उत्तर मनसे स्टाइल में देंगे। ऐसे में मनसे द्वारा दी गई इस धमकी को लेकर अब ठाणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और मनसे के बीच आगामी दिनों में विवाद बढ़ सकता है।