ठाकरे और शिंदे गुट की लड़ाई में भास्कर पाटिल ने शिंदे गुट का हाथ थामा, मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

    Loading

    ठाणे : सत्ता के लिए शिवसेना (Shiv Sena) में हुई बगावत के बाद से ठाणे शहर महाराष्ट्र की राजनीति का केंद्र निश्चित तौर पर बन चुका है। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) का प्रयास है कि ठाणे शहर में उद्धव ठाकरे गुट (Uddhav Thackeray Group) का करीब करीब सफाया हो जाए। इसी को लेकर दोनों ही गुटों में रस्साकशी देखी जा रही है। दरअसल कुछ दिनों से दोनों गुटों के बीच थमा विवाद अब पूर्व नगरसेवक भास्कर पाटिल (Bhaskar Patil) को लेकर फिर उफान पर है। 

    इस बीच उद्धव बालासाहेब ठाकरे शिवसेना के सांसद राजन विचारे ने विस्फोटक आरोप लगाया है कि उनके गुट के पदाधिकारियों को सत्ता शक्ति का भय दिखाकर दल बदल कराया जा रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने भास्कर पाटील का नाम लिया है। साथ ही विचारे ने पाटिल को ठाकरे गुट का बताया था और उन्हें हाल में ही ठाकरे गुट की शिवसेना में विधानसभा क्षेत्र प्रमुख पद पर नियुक्त किया गया था। विचारे ने इसके बाद से शिंदे गुट पर पार्टी में शामिल करने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया था। लेकिन विचारे के इस आरोप को झुठलाते हुए भास्कर पाटिल ने एकाएक अपना पाला बदल शिंदे गुट में प्रवेश ले लिया। 

    विचारे के आरोप पर विफरे म्हस्के 

    ठाणे में इस समय शिवसेना शिंदे गुट के प्रवक्ता नरेश म्हस्के और शिवसेना ठाकरे गुट के सांसद राजन विचारे के बीच वाक युद्ध चरम पर पहुंच चुका है।   विचारे और म्हस्के ने परस्पर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर राजनीतिक वातावरण को पूरी तरह से गरमा दिया है। इसी मुद्दे पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विचारे ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा था कि ठाणे शहर में राजनीतिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाई जा रही है।  उन्होंने बालासाहेब की शिवसेना प्रवक्ता नरेश म्हस्के पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया था कि जब नारायण राणे ने शिवसेना से बगावत की थी तो नरेश म्हस्के कांग्रेस में प्रवेश करने वाले थे। लेकिन उनकी पहल के कारण दलबदल संभव नहीं हो पाया। इससे अब म्हस्के भड़क गए और उन्होंने प्रत्युत्तर देते हुए कहा कि विचारे ने उनके कंधे पर बंदूक रखकर उस समय गोलियां चलाई थी। साथ ही विचारे द्वारा भास्कर पाटिल का गुट प्रवेश आपराधिक मामलों का भय दिखाकर किये जाने और उन्हें फर्जी मामले में फसाने की धमकी दिए जाने के आरोप पर म्हस्के ने प्रतिउत्तर कहा कि भास्कर पाटिल शुरू से ही शिंदे गुट में शामिल रहे हैं और उन्हें पार्टी ने ठाणे शहर विधानसभा क्षेत्र के समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।