nmmc news

Loading

नवी मुंबई: पनवेल के तहत आने वाले आदई गांव के पास शनिवार की सुबह मोरबे जलाशय (Morbe Reservoir) से जुड़ी मुख्य जलवाहिनी अचानक फूट गई। जिसकी वजह से लाखों लीटर पानी बह गया। इस घटना के नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) क्षेत्र और सिडको ( CIDCO) के कामोठे और खारघर नोड में होने वाली जलापूर्ति (Water Supply) पर बुरा असर हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका के संबंधित विभाग द्वारा उक्त जलवाहिनी की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया गया।

 गौरतलब है कि मोरबे जलाशय नवी मुंबई महानगरपालिका के अधिकार क्षेत्र में है, जहां से हर दिन 450 एमएलडी पानी की आपूर्ति उक्त पाइपलाइन द्वारा की जाती है। इस पाइपलाइन का व्यास 2024 मि.मी है। जिसके फटने पर मोरबे जलाशय के पास बने जलशुद्धीकरण केंद्र से पानी की सप्लाई को बंद कर दिया गया। नवी मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त शहर अभियंता मनोज पाटिल ने बताया कि आज 11 जून को सुबह में पूरे शहर में लो प्रेशर वाटर सप्लाई होगी। पाटिल कहा कि इस संदर्भ में नवी मुंबई महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग की ओर से नागरिक से सहयोग करने की अपील की गई है।

हाल ही में किया गया था मेंटेनेंस और अन्य कार्य  

नवी मुं‍बई महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग द्वारा 7 जून 2023 को जलापूर्ति से संबंधित प्री-मानसून के मेंटेनेंस और अन्य कार्य किए गए थे। जिसमें भोकरपाड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, मोरबे डैम से दीघा तक की मुख्य जलवाहिनी के मेंटेनेंस का प्रमुखता से समावेश था। जिसके लिए भोकरपाडा जलशुद्धीकरण केंद्र से 12 घंटे के लिए जलापूर्ति को बंद किया गया था। इस काम की वजह से 8 जून की सुबह में जलापूर्ति लो प्रेशर से शुरू की गई थी। जिसके एक दिन बाद उक्त घटना हुई। जिसकी वजह से नागरिकों को फिर से उक्त परेशानी उठानी पड़ेगी।