BJP महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का मराठा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध, दिखाए काले झंडे

Loading

ठाणे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) को शनिवार को मराठा कार्यकर्ताओं के रोष का सामना करना पड़ा। मराठा कार्यकर्ताओं ने ठाणे जिले के कल्याण में उस बैठक में बाधा डाली जिसे बावनकुले संबोधित कर रहे थे और उन्होंने उन्हें काले झंडे दिखाए।

शाम को जब यह घटना हुई तब केंद्रीय मंत्री एवं भिवंडी के सांसद कपिल पाटिल, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मंच पर मौजूद थे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें कुछ (मराठा) कार्यकर्ताओं को खुले मैदान में आयोजित बैठक के बीच बावनकुले के खिलाफ नारे लगाते और उन्हें काले झंडे दिखाते हुए दिखाया गया है।

‘एक मराठा, लाख मराठा’ जैसे नारे भी लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने छह से अधिक (मराठा) कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में कुछ देर तक बैठक जारी रही। सरकारी नौकरियों और शिक्षा में ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण की मांग को लेकर जालना जिले में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। (एजेंसी)