RT PCR Lab

    Loading

    नवी मुंबई: स्वाइन फ्लू (Swine Flu) को लेकर नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन (Navi Mumbai Municipal Administration) सतर्क हो गया है। कोरोना की तरह ही इस बीमारी के मरीजों का पता लगाने के लिए महानगरपालिका कमिश्नर के निर्देश पर अब नेरूल स्थित महानगरपालिका के कोविड आरटी-पीसीआर लैब (RT-PCR Lab) में स्वाइन फ्लू के सैंपल की जांच शुरू की गई है। इस अत्याधुनिक लैब में हर दिन 5 हजार सैंपल की जांच करने की क्षमता है।

     गौरतलब है कि 19 जुलाई 2022 को नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया था। जिसके बाद महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने इस बीमारी की रोकथाम और इससे संक्रमित व्यक्ति के उपचार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश महानगरपालिका के संबंधित विभाग को दिया था। 

    6 मरीजों का चल रहा उपचार

    नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र की ओपीडी में अब तक कुल 74 हजार 968 स्वाइन फ्लू के लक्षण जैसे मरीजों की जांच की जा चुकी है, जिसमें से 33 लोग स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 6 मरीजों का इलाज अभी चल रहा है। स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले मरीजों की रिपोर्ट जल्द से जल्द मिले इसके लिए महानगरपालिका कमिश्नर ने नेरूल स्थित महानगरपालिका की मां साहेब मीनाताई ठाकरे अस्पताल में बनी कोविड आरटी-पीसीआर लैब में इसकी जांच की विशेष व्यवस्था शुरू कराई है, जबकि स्वाइन फ्लू के माध्यम या गंभीर लक्षणों वाले मरीजों के इलाज के लिए वाशी स्थित महानगरपालिका अस्पताल में सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

    एच1-एन1 का परीक्षण करने वाली दूसरी महानगरपालिका 

    नवी मुंबई महानगरपालिका के स्वामित्व वाली यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला (लैब) स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में एक स्थायी उपलब्धि है। यह प्रयोगशाला कोविड के बाद की अवधि में विभिन्न अन्य परीक्षणों के लिए सुविधाजनक होगी। वर्तमान स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए इस लैब में स्वाइन फ्लू का एच1एन1 परीक्षण शुरू किया गया है। इस प्रकार बृहन्मुंबई महानगरपालिका के बाद नवी मुंबई राज्य की दूसरी है महानगरपालिका जिसने अपने प्रयोगशाला में एच1-एन1 परीक्षण शुरू किया है।

    1,499 लोगों को लगाया गया टीका

    गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू की रोकथाम करने के लिए सरकार ने दूसरी और तीसरी तिमाही में गर्भवती महिलाओं, उच्च रक्तचाप या मधुमेह वाले लोगों के साथ-साथ डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को स्वाइन फ्लू प्रतिबंधात्मक टीका लगाने का निर्देश दिया है। जिसका पालन नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा किया जा रहा है। महानगरपालिका की 3 अस्पतालों और 23 अस्पतालों में स्वाइन फ्लू प्रतिबंधात्मक टीका लगाने की व्यवस्था की गई है। महानगरपालिका क्षेत्र में अब तक 1,499 को स्वाइन फ्लू प्रतिबंधात्मक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।

    स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण होने पर नागरिक तुरंत महानगरपालिका के नजदीक वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सार्वजनिक अस्पताल से संपर्क करें और स्वास्थ्य सलाह लें या जांच कराएं। स्कूल जाने वाले छात्रों, शिक्षकों और स्कूल के अन्य कर्मचारियों को जिनमें स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, उन्हें उचित चिकित्सा उपचार लेना चाहिए। जितना हो सके सार्वजनिक संपर्क से बचना चाहिए।

    -अभिजीत बांगर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका