nmmc

    Loading

    नवी मुंबई. आर्थिक संपन्नता के मामले में नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) ने विगत 6 वर्षों से अपने वर्चस्व (Dominance) को कायम रखा है। इस साल भी अपने इस वर्चस्व को कायम रखने में नवी मुंबई महानगरपालिका सफल हुई। नवी मुंबई महानगरपालिका की इसी आर्थिक संपन्नता के लिए लगातार 7वीं बार राष्ट्रीय स्तर का इंडिया डबल प्लस ए स्टेबल (India Double Plus A Stable) का उत्कृष्ट मानांकन प्राप्त हुआ है। लगातार यह मानांकन पाने वाली नवी मुंबई महानगरपालिका देश की पहली और एकमात्र महानगरपालिका है।  

     गौरतलब है कि ‘इंडिया रेटींग एंड रिसर्च’ (फिच) नामक राष्ट्रीय स्तर की आर्थिक विषयों की मान्यता प्राप्त संस्था द्वारा उक्त मानांकन नवी मुंबई महानगरपालिका को दिया गया है। इस संस्था द्वारा देश भर की महानगरपालिकोओं की आर्थिक स्थिति का प्रति वर्ष अध्ययन किया जाता है, इसके बार आर्थिक तौर से संपन्न महानगरपालिका को ‘इंडिया डबल ए प्लस स्टेबल’ का उक्त सर्वोत्तम मानांकन दिया जाता है। साल 2020-21 के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका को एक बार फिर उक्त संस्था द्वारा आर्थिक सक्षमता का ‘इंडिया डबल ए प्लस’ का मानांकन दिया गया है।

    आय और खर्च पर दिया जा रहा ध्यान

    देश भर के निवास योग्य शहरों में नवी मुंबई महानगरपालिका सबसे आगे है। महानगरपालिका द्वारा भविष्य का विचार करते हुए नागरिकों से संबंधित सुविधाएं मुहैया कराने के बारे में बारीकी से ध्यान दिया जा रहा है। वहीं नवी मुंबई महानगरपालिका की आय और खर्च के बारे में सही तरीके से नियोजन किया जा रहा है। इसी नियोजन के चलते नवी मुंबई महानगरपालिका ने अपनी आर्थिक स्थिति को बरकरार रखने का काम जारी रखा है। राष्ट्रीय स्तर का लगातार मानांकन मिलना नवी मुंबई के नागरिकों के लिए बड़े अभिमान की बात है। नवी मुंबई महानगरपालिका को मिले इस मानांकन पर नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने भी अपनी खुशी का इजहार किया है।

    टैक्स वसूली में किया बेहतर काम

    कोरोनाकाल के चलते विगत आर्थिक वर्ष में देश भर की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर हुआ है। ऐसी विकट परिस्थिति में नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा टैक्स वसूली के बारे में सही तरह से नियोजित किया गया और उसकी वसूली के लिए बेहतर काम किया गया है। कोरोना काल को ध्यान में रखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर बांगर द्वारा संपत्ति कर के बकायेदारों को राहत देने के लिए ‘संपत्ति कर अभय योजना’ को प्रभावी तरीके से लागू किया गया, जिसका नागरिकों से अच्छा प्रतिसाद मिला है। विभिन्न प्रकार के टैक्स के माध्यम से मनपा को जितनी आय हो रही है, महानगरपालिका उसी से नवी मुंबई के नागरिकों को सभी तरह की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।