NMMC DAM

Loading

नवी मुंबई: दिघा विभाग के तहत आने वाले इलठाण पाडा में अंग्रेजों के जमाने का बांध है। जहां पर नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा पर्यटन स्थल (Tourist Destination) बनाने की योजना बनाई जा रही है। जिसका निरीक्षण करने के लिए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर राजेश नार्वेकर (NMMC Commissioner Rajesh Narvekar) ने उक्त बांध के क्षेत्र का दौरा किया। गौरतलब है कि उक्त बांध को अंग्रेजों के जमाने में साल 1912 में रेलवे बनाया था। 18 एकड़ में फैले इस बांध की 13.56 करोड़ लीटर जल संचय की क्षमता है, जो नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के लिए जलापूर्ति का साधन भी बन सकता है। जिसके महत्व को देखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर नार्वेकर ने उक्त बांध क्षेत्र का दौरा किया और बांध और उसके आसपास का निरीक्षण किया। 

इस मौके पर उन्होंने क्या वन विभाग, रेलवे और नवी मुंबई महानगरपालिका के माध्यम से संयुक्त रूप से कोई काम किया जा सकता है और इस क्षेत्र में पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जा सकता है। इसके बारे में महानगरपालिका के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उनके साथ महानगरपालिका के शहर अभियंता अभियंता संजय देसाई, अतिरिक्त शहर अभियंता मनोज पाटिल, कार्यकारी अभियंता मनोहर सोनावणे, दिघा विभाग के सहायक आयुक्त प्रवीन गाडे, शंकर खाड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जल निकासी की ठोस व्यवस्था करने के निर्देश

बरसात के दिनों में जब उक्त बांध पूरी तरह भर जाता है, तब ओवरफ्लो होकर बांध का पानी बहने लगता है। इस पानी को बांध से दूर पश्चिम में स्थित खाड़ी तक ले जाने वाले नाले में किसी तरह की बाधा न हो इसका भी निरीक्षण महानगरपालिका कमिश्नर ने किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आगामी मानसून के मौसम में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पहले से ध्यान रखने के निर्देश दिए। अपने इस दौरे के दौरान महानगरपालिका की ओर से दीघा और घनसोली विभाग में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण भी महानगरपालिका कमिश्नर द्वारा किया गया।

घनसोली के सेंट्रल पार्क में शुरू होगा स्वीमिंग पूल

नवी मुंबई महानगरपालिका ने घनसोली में प्रकृति के पंच तत्वों पर आधारित विशाल सेंट्रल पार्क विकसित किया है। इस पार्क में नागरिकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सुविधाएं प्रदान की हैं। कमिश्नर ने इन सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए कुछ सुविधाओं में सुधार का सुझाव दिया ताकि यहां की सुविधाएं अच्छी स्थिति में रहें और नागरिक इनका पूरा उपयोग कर सकें। इस दौरान आयुक्त ने यहां के स्वीमिंग पूल को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए इसके काम में विशेष रूप से तेजी लाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिया।

नवी मुंबई महानगरपालिका के द्वारा नागरिकों से संबंधित जो विकास कार्य किए जा रहे हैं, वह समय पर पूरे हों और उनकी गुणवत्ता में कोई कमी नहीं हो, इसके बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। दिघा और घनसोली क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की स्थिति को देखने और जानने के लिए उक्त दौरा किया गया। इस तरह का दौरा सभी महानगरपालिका के सभी विभागों में समय-समय पर किया जाएगा।

-राजेश नार्वेकर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका