आनंद आश्रम होगा शिंदे गुट शिवसेना भवन!

    Loading

    ठाणे : शिवसेना (Shiv Sena) किसकी होगी इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है? लेकिन पार्टी से टूटकर अलग हुआ शिंदे गुट लगातार खुद को मजबूत करने में जुटा है। शिवसेना पर आधिपत्य को लेकर दोनों गुटों की जंग सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) पहले ही पहुंच चुकी है और इस पर फैसला आना अभी बाकी है। इसी बीच शिंदे गुट अपने कुनबे को मजबूत करते जा रहा है। लेकिन शिंदे गुट का मुख्य कार्यालय मुंबई में होगा कि उनके गृह क्षेत्र ठाणे में होगा इसे लेकर उपापोह की स्थिति बनी हुई। परन्तु हाल में ही शिंदे गुट द्वारा जारी किये गए एक नियुक्ति पत्र में शिवसेना मध्यवर्ती कार्यालय के रूप में ठाणे के टेंभी नाका स्थित आनंद आश्रम का पता का उल्लेख किया गया। जबकि इसके पूर्व शिवसेना मध्यवर्ती कार्यालय दादर स्थित शिवसेना भवन का उल्लेख नियुक्ति पत्र में किया जाता था। ऐसे में अब कयास लगाया जा रहा है कि संभवतः शिंदे गुट शिवसेना का नया शिवसेना भवन ‘आनंद आश्रम’ हो सकता है। 

    आपको बता दें कि शिंदे गुट अलग होने के बाद से ही खुद को मूल पार्टी बता रहा है। पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पकड़ मजबूत करने के लिए वह एक सेंट्रल कमांड ऑफिस बनाना चाहता है और गुट के नेताओं का मानना था कि दादर इसके लिए हर लिहाज से बेहतर स्थान है। नया मुख्यालय बनाने के लिए अंतिम फैसला लेने से पहले कुछ जगहों की पहचान भी की गई थी। इसके आलावा, शिवसेना का मौजूदा मुख्यालय यानी शिवसेना भवन दादर में ही है। इतना ही नहीं, राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का मुख्यालय भी दादर इलाके में ही है। शिंदे गुट ना सिर्फ खुद का शिवसेना भवन बनाने पर ध्यान दे रहा है, बल्कि वह पार्टी के मूल कैडर तक पहुंचने के लिए मौजूदा शाखा प्रणाली को भी स्थापित करने पर गौर कर रहा है। लेकिन इस पर अब तक कोई गति नहीं हो पाई है और इस पर शिंदे गुट के नेता भी कुछ बोलने से बचते नजर आ रहे है। 

    इसी बीच विधायक यामिनी जाधव के पति और मुंबई महानगरपालिका के स्थाई समिति के पूर्व सभापति यशवंत जाधव को शिंदे गुट की तरफ से हाल में ही मुंबई का विभाग प्रमुख पद पर नियुक्ति की गई है। जाधव को दिए गए नियुक्ति पत्र पर शिवसेना मध्यवर्ती कार्यालय के रूप में ठाणे के टेंभी नाका स्थित आनंद आश्रम का पता का उल्लेख किया गया। जिससे अब संभावना जताई जा रही है कि जब तक शिंदे गुट की तरफ से अन्य किसी जगह पर कोई कार्यालय नहीं खोला जाता तब तक ठाणे के टेंभी नाका स्थित आनंद आश्रम से ही शिंदे गुट शिवसेना का सारा कामकाज संचालित किया जाएगा।