बीएस कोश्यारी के बयान पर महाराष्ट्र में मचा भूचाल, संजय राउत बोले राज्यपाल खुद दें इस्तीफा ! बीजेपी माफी मांगे

    Loading

    मुंबई : महाराष्ट्र के राज्यपाल बीएस कोश्यारी (Maharashtra Governor BS Koshyari) के एक बयान से सियासत गरमा गई है। छत्रपति शिवाजी महाराज पर टिपण्णी करने के बाद विवादों में आ गए। उनके इस बयान को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने उन्हें घेर लिया है।शिवसेना सांसद संजय राउत (Shiv Sena MP Sanjay Raut) ने कहा कि इस अपमान के बाद बीजेपी को माफी मांगनी चाहिए और राज्यपाल को यहां से हटा देना चाहिए। राज्यपाल खुद इस्तीफा दें।  राज्यपाल ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की थी। 

    महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) को लेकर विवादित बयान देने के बाद राज्य में सियासी माहौल गरमा गया है। शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के नेता सांसद संजय राउत ने शनिवार को राज्यपाल पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की है। सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल (बीएस कोश्यारी) को क्या हो गया है? आज उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया। 

    उन्होंने कहा कि वीर सावरकर पर राहुल गांधी के बयान को लेकर भाजपा और मनसे उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रही है। इन विरोध-प्रदर्शनों के दौरान फेंके गए जूते को इकट्ठा किया जाना चाहिए और इसे अब राजभवन भेज देना चाहिए। बता दें कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा था कि शिवाजी पुराने हो गए हैं, नितिन गडकरी आज के नए आदर्श हैं।

    बता दें महाराष्ट्र के राज्यपाल  बीएस कोश्यारी ने कहा है कि अगर कोई आपसे पूछता है कि आपका आदर्श कौन है, तो आपको उसे खोजने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है, वे आपको यहीं महाराष्ट्र में मिल जाएंगे। छत्रपति शिवाजी महाराज अब एक पुराने आदर्श बन गए हैं, आपको नए आदर्श बाबासाहेब आंबेडकर से लेकर नितिन गडकरी (केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री) तक यहीं मिल सकते हैं।” उसके इसी बयान के बाद महाराष्ट्र में भूचाल मचा हुआ है।