Avalanche
Representative Image

    Loading

    श्रीनगर. जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKDMA) ने गुरुवार को जम्मू और कश्मीर (Jammu and Kashmir) के अनंतनाग समेत 12 जिलों में हिमस्खलन (Avalanche) होने की चेतावनी जारी की है। JKDMA के अनुसार अगले 24 घंटों में मध्यम खतरे के स्तर वाला हिमस्खलन होने की संभावना है।

    JKDMA के अनुसार, जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग, बांदीपुर, बारामूला, गांदरबल, कुपवाड़ा, कुलगाम, डोडा, किस्तवाड़, पुंछ, रियासी, राजौरी और रामबन जिले में हिमस्खलन 2000 से 2500 मीटर से ऊपर होने की संभावना है।

    गौरतलब है कि उत्तरी कश्मीर के अधिकांश इलाकों में आज ताजा बर्फबारी हुई। शेष घाटी में बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में बुधवार रात से हिमपात शुरू हो गया।

    बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर और बारामूला, कुपवाड़ा के बाकी हिस्सों में गुरुवार सुबह बर्फबारी शुरू हुई। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से बर्फबारी की खबर है। घाटी के बाकी हिस्सों में ‘हल्की’ से ‘मध्यम’ वर्षा हुई, जिसने तीन दिनों से खिल रही धूप की समाप्ति के साथ सर्दी की वापसी हुई है। (एजेंसी इनपुट के साथ)