Rewari Boiler Blast

Loading

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा (Rewari Boiler Blast) में बड़ा हादसा हुआ है। लाइफ लॉन्ग नाम की एक कंपनी में बॉयलर फटने से 100 से अधिक कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।  हादसे के बाद कंपनी में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर दर्जनों एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारियों को भिवाड़ी व गुरुग्राम के निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया है। हादसे में कई कर्मचारियों के मरने की भी आशंका जताई जा रही है। सूचना के बाद मौके पर एसपी शशांक कुमार सावन टीम के साथ पहुंचे। कंपनी के अंदर किसी को भी नहीं जाने दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे में 40 लोग घायल

हरियाणा के सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव ने कहा कि रेवाड़ी के धारूहेड़ा में एक फैक्ट्री में बॉयलर फट गया है। हमने अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। हमने फैक्ट्री में एंबुलेंस भेज दी है। कई लोग झुलस गए हैं। करीब 40 लोग घायल हैं और एक गंभीर मरीज है जिसे रोहतक रेफर किया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। 

पुलिस ने कहा कि कई घायलों को रेवाड़ी के सिविल अस्पताल ले जाया गया और कुछ को दिल्ली और गुरुग्राम के अस्पतालों में रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना शाम करीब 5:50 बजे हुई जब फैक्टरी में एक बॉयलर में विस्फोट हो गया। आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया है।