Congress Flag

Loading

नई दिल्ली/जयपुर. सत्तारूढ़ कांग्रेस (Congress) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 (Rajasthan Assembly Election 2023) के लिए मंगलवार को 56 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। पार्टी ने गौरव वल्लभ (Gourav Vallabh) को उदयपुर (Udaipur) से टिकट दिया है। वहीं, भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए मानवेंद्र सिंह सिवाना निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि मानवेंद्र सिंह हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस में उनके प्रवेश को महत्वपूर्ण माना गया है क्योंकि वह दो दशकों से अधिक समय तक भाजपा के साथ थे और उनके पिता, जसवन्त सिंह, पार्टी में एक वरिष्ठ नेता थे।

150 से अधिक उम्मदीवारों के नामों की घोषणा

इससे पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को 19 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी। जिसमें 13 विधायकों को शामिल किया गया है। पार्टी ने धौलपुर सीट से कांग्रेस ने शोभा रानी कुशवाह को मैदान में उतारा है। कुशवाह को इससे पहले पिछले साल जून में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। वहीं, 22 अक्टूबर को कांग्रेस ने 43 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की थी। जबकि, कांग्रेस ने 21 अक्टूबर को 33 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। पार्टी ने खाजूवाला से गोविंद राम मेघवाल, सिविल लाइंस से प्रताप सिंह खाचरियावास और लोलसोट से परसादी लाल मीणा को मैदान में उतारा है।

2018 में कांग्रेस ने जीती 100 सीटें

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होनी है। राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। यहां कांग्रेस और भाजपा बारी-बारी से सत्ता में आती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 100 सीटें और भाजपा ने 73 सीटें जीती थी। जबकि बसपा ने 6 सीटें हासिल की थी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 3 सीटें मिलीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) को 2-2 सीटें मिलीं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) सिर्फ एक सीट हासिल करने में सफल रही, जबकि 13 स्वतंत्र उम्मीदवार थे।