bengal
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल (West Bengal) से मिली एक सनसनीखेज खबर के अनुसार, यहां के आसनसोल (Asansol) में बीते बुधवार को कंबल बांटने के दौरान भयंकर भगदड़ मच गई। इस घटना में 3 लोगों की मौत भी हो गई, जबकि 5 घायल बताए जा रहे हैं। वहीं मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। हालांकि उनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं अन्य मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, यह  घटना उस समय हुई, जब BJP नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) अपना भाषण खत्म कर कार्यक्रम स्थल से जा रहे थे।

    दरअसल राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कुछ कंबल बांटकर इस कार्यक्रम का अपनी तरफ से शुभारंभ किया था, जो कुछ देर तो सुचारू रूप से चला। वहीं BJP की योजना पांच शिविरों में पांच हजार लोगों को कंबल बांटने की थी। लेकिन शुभेंदु अधिकारी के इस कार्यक्रम से जाने के बाद ही कंबल लेने के लिए जमा हुई भीड़ के कारण यहां भयंकर भगदड़ मच गई। जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम का आयोजन जिले के पूर्व मेयर और BJP नेता जितेंद्र तिवारी ने किया था। 

    वहीं शुभेंदु अधिकारी इस कार्यक्रम के चीफ गेस्ट थे। वहीं, हादसे के लिए TMC ने अब BJP को जिम्मेदार बताया है। प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि, BJP ने पुलिस की परमिशन के बिना कैसे इस रैली का आयोजन किया। इस भयावह घटना के बाद घायलों के साथ BJP पार्षद गौरव गुप्ता, TMC के धनरंजन सिंह सहित कई नेता जिला अस्पताल पहुंचे। बताया गया है कि कार्यक्रम स्थल पर बहुत कम संख्या में पुलिसकर्मी और सिविक वॉलिंटियर रखे गए थे। वहीं, हादसे को लेकर शुभेंदु अधिकारी पर अब TMC हमलावर है। TMCने इस हादसे के लिए नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को खुले तौर से दोषी ठहराया है।