GURMEET
File Photo

    Loading

    नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 (Punjab Assembly Election 2022) से पहले फरलो पर बाहर आए डेरा सच्चा सौदा चीफ गुरमीत राम रहीम (Ram Rahim Z-Plus Security) को हरियाणा सरकार (Haryana Govt)  ने Z+ सुरक्षा दे दी है। दरअसल सरकार ने खालिस्तानी आतंकियों से जान का खतरा बताते हुए राम रहीम को यह सुरक्षा दी है। 

    ज्ञात हो कि हरियाणा की बीजेपी सरकार ने सुरक्षा का आधार एडीजीपी की रिपोर्ट को दिया है। सरकार का कहना है कि खालिस्तानी समर्थक डेरा चीफ को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए उन्हें सुरक्षा दी जा रही है। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए भी कई मौकों पर डेरा चीफ  जेल से बाहर आए हुए हैं। वे अबतक हरियाणा के रोहतक जिला स्थित सुनरिया जेल में थे।

    गौर हो कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले 21 दिनों की फरलो पर डेरा चीफ गुरमीत राम रहीम बाहर आए हैं। चुनाव से पहले फरलो को लेकर विपक्ष ने कई सवाल भी खड़े किये थे और हरियाणा सरकार को आड़े हाथ लिया था। गुरमीत राम रहीम सिरसा स्थित अपने आश्रम में दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के केस में 20 साल की कैद की सजा काट रहे हैं। उन्हें पंचकूला की एक विशेष सीबीआई कोर्ट ने अगस्त 2017 में इस मामले में दोषी करार दिया था।