कर्नाटक: बेलगाम में तोड़ी गई संगोली रायन्ना की प्रतिमा; धारा 144 लागु, सीएम ने घटना को बताया निंदनीय

    Loading

    बैंगलोर: कर्नाटक (Karnataka) के बेलगाम जिले में स्वतंत्रता सेनानी संगोली रायन्ना की प्रतिमा को (Statue of Sangoli Rayanna) तोड़े जाने और सरकारी वाहनों पर पथराव की दो अप्रिय घटनाओं के बाद, प्रशासन ने शनिवार को शहर और तालुक में निषेधाज्ञा जारी की है। 

    बेलगाम  पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, बेलागावी पुलिस आयुक्तालय इलाके के लिए 18 दिसंबर को सुबह आठ बजे से 19 दिसंबर को शाम छह बजे तक आपराधिक दंड संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा आदेश लागू किया गया है. इस इलाके में बेलागावी तालुक भी आती है। 

    बता दें कि आज बेलागवी में बदमाशों ने सांगोली रायन्ना की प्रतिमा और कर्नाटक सरकार और पुलिस के लगभग 26 वाहनों में तोड़फोड़ की है।  मामले में पुलिस ने अब तक करीब 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। बेलगाम  के पुलिस आयुक्त के त्यागराजन ने कहा कि ‘संगोली रायन्ना की प्रतिमा पर हमला करने के आरोप में बेलगाम  में 3 पुलिस थाना क्षेत्रों में 27 को गिरफ्तार किया गया है।’

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा, जिम्मेदार लोगों को दूसरों को हिंसा के लिए उकसाना नहीं चाहिए और कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, ‘जहां तक कर्नाटक का सवाल है, हम किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं देंगे। जिम्मेदार लोग किसी को भड़काएं नहीं। शिवाजी महाराज, संगोली रायन्ना और रानी चेन्नम्मा ने देश को एकजुट किया। अगर हम उनके नाम पर लड़ना शुरू करते हैं, तो यह उनके द्वारा की गई लड़ाई के साथ अन्याय होगा।’

    इससे पहले उत्तर बेलागावी में एक घटना में आधी रात को संभाजी सर्किल के समीप भीड़ एकत्रित हो गयी और उसने नारेबाजी करना तथा सरकारी और पुलिस वाहनों पर पथराव करना शुरू कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरू में शिवाजी महाराज की प्रतिमा कथित तौर पर विरूपित करने की खबरें आने के बाद भीड़ हिंसा पर उतारू हो गयी। पुलिस ने बीच-बचाव किया और स्थिति पर काबू पाया। 

    गृह मंत्री ए. जनेंद्र ने कहा कि पुलिस को ऐसे कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है और इन घटनाओं के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है तथा कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।