खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए 30 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी

    Loading

    लखनऊ: योगी सरकार (Yogi Govt.) ने इसी वर्ष होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (Khelo India University Games) के लिए 30 करोड़ के बजट (UP Budget 2023) को मंजूरी दे दी है। बुधवार को यूपी विधानसभा में पेश किए गए बजट 2023-24 में इन गेम्स की मेजबानी पर 30 करोड़ रुपए के खर्च को स्वीकृति प्रदान करते हुए इसका उल्लेख किया गया। इसके अलावा, बजट में प्रदेश के अंदर खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर और विभिन्न खेलों में विजयी होने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि को भी मंजूरी दी गई है।

    उत्तर प्रदेश सरकार चार शहरों में 2023-2024 में खेलो इंडिया नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी करेगी। खेलो इंडिया नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के चार शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 30 करोड़ के बजट का प्रताव रखा गया है। यूपी पहली बार इन खेलों की मेजबानी कर रहा है। इसमें बास्केटबॉल, जूडो, कबड्डी, रोइग, कुश्ती, बॉक्सिंग सहित 20 खेल प्रतियोगिताओं में पूरे देश से करीब 150 विश्वविद्यालयों के लगभग 4500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

    निजी भागीदारी से सुधरेगा खेलों का इंफ्रास्ट्रक्चर

    दूसरी तरफ बजट में खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेष फोकस रखा गया है। प्रदेश में निजी सहभागिता से खेल अवस्थापनाओं के निर्माण हेतु 50 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। इससे विभिन्न खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो सकेगा और युवा खिलाड़ियों को खेल के मैदान समेत तमाम तरह की सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

    विजेताओं पर 15 करोड़ खर्च करेगी योगी सरकार

    योगी सरकार ने राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार योजना के लिए 15 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की है। प्रदेश में पहली बार खेल उपकरण समर्थन, विदेशी प्रदर्शन यात्रायें विदेशी प्रशिक्षण शिविर, फिजियोलाजिस्ट, मनोवैज्ञानिक और विदेशी कोचों जैसे विशेष कर्मचारियों की नियुक्ति और होनहार खिलाड़ियों की सहायता के लिए उ. प्र. खेल विकास कोष की स्थापना की गयी है, जिसके अन्तर्गत वित्तीय 2023-24 में 25 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी है। वहीं, एकलव्य कीड़ा कोष के लिए₹25 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी हैं।

    स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए 300 करोड़ रुपए

    जनपद मेरठ में मेजर ध्यान चन्द्र खेल विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने के संबंध में त्वरित गति से कार्यवाही की जा रही हैं। खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 300 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। योगी सरकार की मंशा जल्द से जल्द इसे पूरा करने की है। यह प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी होगी। वहीं, सहारन फतेहपुर और बलिया में स्पोर्टस कॉलेज के निर्माण के लिए 20 करोड़ 50 लाख रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित हैं।

    बजट में खेलों के विकास को ये भी मिला

    • मण्डलीय मुख्यालयों में आवासीय कीड़ा छात्रावास के निर्माण के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में आंवटित धनराशि 5 करोड़ रुपए की तुलना में वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2038.71 लाख की बजटीय व्यवस्था की गयी है।
    • प्रदेश में खेल अवस्थापनाओं के विकास और उन्नयन/नव निर्माण के लिए 11671.98 लाख की बजटीय व्यवस्था की गयी है। जिसके अन्तर्गत प्रदेश में खेल अवस्थापनाओं का विकास कराया जाएगा।
    • जनपद अयोध्या में अन्तर्राष्ट्रीय कीडा संकुल के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी है।
    • निजी सहभागिता से खेल अकादमियों को विकसित किए जाने के लिए भूमि क्रय के लिए 40 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी है। 
    • गुरु गोविन्द सिंह स्पोर्टस कालेज, लखनऊ में वेलोड्रोम के निर्माण के लिए 25 करोड़ की बजटीय व्यवस्था की गयी है। 
    • जनपद बलिया में स्पोर्टस कालेज के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी है। 
    • खेल और खेल से सम्बन्धित कार्यकलापों को बढ़ावा देने के लिए 20 करोड़ रुपए की बजटीय व्यवस्था की गयी हैं।