priyanka
File Pic

    Loading

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2022) से पहले राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इस बीच कांग्रेस (Congress) ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Congress Leader Priyanka Gandhi) ने कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी की। इनमें उन्नाव रेप पीड़िता की मां समेत 50 महिलाओं को टिकट दिया गया है।

    बता दें कि, कांग्रेस द्वारा जारी इस लिस्ट में कुल 125 उम्मीदवार हैं और इनमें 50 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। गौरतलब है कि, कांग्रेस यूपी में महिलाओं के मुद्दे के साथ चुनावी मैदान में है। कांग्रेस ने यूपी चुनाव में ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ नारा दिया है। 

    यूपी कांग्रेस ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के साथ ट्वीटर पर लिखा, हमारी सूची में जो महिलाएं हैं उनमें से कुछ पत्रकार हैं, कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं, सामाजिक कार्यकर्ता हैं, ऐसी भी महिलाएं हैं जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है। हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं।

    यूपी कांग्रेस ने ट्वीटर पर लिखा, हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें। हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है।

    यूपी कांग्रेस ने लिखा, जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी। अपनी सूची से हम संदेश देना चाहते हैं कि राजनीति का असली मकसद सेवा है। यह काफी हद तक बदल चुका है, लेकिन हम इस मकसद को वापस लाना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य ये भी है कि हमारी भूमिका बढ़े, हमारी पार्टी मजबूत बने। हमने तय किया है कि हम नकरात्मक कैंपेन नहीं करेंगे। हम सकारात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। महिलाओं, दलितों, युवाओं के मसलों पर चुनाव लड़ेंगे ताकि प्रदेश आगे बढ़े।

    आया राम गया राम हर चुनाव में, हर पार्टी में होता है। मुझे नहीं लगता कि यह कोई ऐसी चीज है जिससे किसी पार्टी को घबराना चाहिए। अगर हमारे साथी जाते हैं तो हमें लगता है कि वे हमारे संघर्ष से पीछे हट रहे हैं।