अपर्णा यादव (Photo Credits-ANI Twitter)
अपर्णा यादव (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता प्रेम शुक्ला और उत्‍तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) पर जमकर निशाना साधा। शुक्‍ला ने दावा किया कि अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के पिता मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) मन से समाजवादी पार्टी के साथ नहीं हैं और उनका आशीर्वाद बहू (अपर्णा यादव) की पार्टी के साथ है। 

    शुक्ला ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में सिंह के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अखिलेश ने जब करहल से चुनाव लड़ने का फैसला किया था, तब उन्होंने कहा था कि मैं वहां पर प्रचार करने नहीं जाऊंगा, लेकिन आज उनकी यह स्थिति है कि मुलायम सिंह यादव को करहल लेकर गए हैं। भाजपा नेता ने दावा किया कि जिस पिता के साथ अखिलेश ने औरंगजेब जैसा व्यवहार किया था, आज वो पिता भी मन से उनके साथ नहीं हैं और उनका आर्शीवाद बहू (अपर्णा यादव) की पार्टी के साथ है। 

    उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा बिष्ट यादव ऐन चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। अपर्णा पिछली बार लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार थीं, लेकिन उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी ने हरा दिया था। 

    इस बार अपर्णा भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रही हैं। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले दो चरणों में हुए चुनाव ने ही भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित कर दी है और राज्य में भाजपा की लहर है, यह दिख रहा है कि पार्टी एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है।