डा. आंबेडकर को किया गया महा अभिवादन

Loading

ठाणे. संविधान निर्माता डा. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर ठाणे  जिले के विभिन्न स्थानों पर उन्हें महा अभिवादन अर्पित किया गया। इस अवसर पर ठाणे मनपा मुख्यालय,  कोर्ट नाका तथा रेलवे स्टेशन परिसर में डा. आंबेडकर की प्रतिमा को पुष्पहार अर्पण कर उनका महाअभिवादन किया गया।

ठाणे मनपा मुख्यालय के बल्लाल सभागृह में स्थित भारतरत्न डा. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर महापौर नरेश म्हस्के ने पुष्पहार अर्पण कर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर उपमहापौर पल्लवी पवन कदम, नौपाडा कोपरी प्रभाग समिति अध्यक्षा नम्रता फाटक, उप आयुक्त संदीप मालवी और मनपा के अन्य कर्मचारी आदि भी उपस्थित थे। 

कोर्टनाका एवं ठाणे रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारतरत्न डा.बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर प्रतिमा पर राज्य के नगर विकास मंत्री तथा ठाणे पालकमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों पुष्पहार अर्पण कर उनका अभिवादन किया गया।

अंबरनाथ में आस्था व श्रद्धा से मना महापरिनिर्वाण दिन

उद्योगनगरी के रूप में मशहूर अंबरनाथ शहर में भी भारतरत्न व संविधान रचियता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का 64वां महापरिनिर्वाण दिन पूरी श्रद्धा से मनाया गया। कोरोना जैसी वैश्विक बीमारी के कारण हर साल निकलने वाले जुलूस इस वर्ष नहीं निकले।  

स्थानीय नपा मुख्यालय स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर भी कुछ ही प्रतिष्ठित लोगों को पुष्प अर्पित करने की अनुमति दी गई।  अंबरनाथ के विधायक डॉ. बालाजी किणीकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सदाशिव पाटिल, राकां युवक के जिलाध्यक्ष कबीर नरेश गायकवाड़, महासचिव अधिवक्ता  कृष्णा रसाल पाटिल, अंबरनाथ प्रतिष्ठान के कमलाकर सूर्यवंशी, राकां महिला शहर अध्यक्ष पूनम शेलार के अलावा बड़ी संख्या में विविध राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने फूल माला पहनाकर अपनी आस्था का परिचय दिया।

उल्हासनगर में भी आस्था के साथ याद किए गए डॉ. आंबेडकर

उधर, उल्हासनगर में भी भारतीय संविधान के रचियता डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 64वीं पुण्यतिथि अर्थात  महापरिनिर्वाण दिन शहर में आस्था व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दिन को लेकर उल्हासनगर में भी विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा शनिवार की देर रात से कार्यक्रम शुरू हो गए थे, जो रविवार तक प्रारंभ रहा। मनपा की महापौर लीलाबाई आशान उप महापौर भगवान भालेराव, मनपा के सभागृह नेता भरत गंगोत्री, शिवसेना शहर प्रमुख राजेंद्र चौधरी आदि ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। 

शनिवार देर रात को महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर  के 64वें महापरिनिर्वाण दिन के उपलक्ष्य में अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय कराले, पुलिस उपायुक्त प्रशांत मोहिते, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधाकर सुरडकर, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कोते और सामाजिक कार्यकर्ता शिवाजी रगडे द्वारा उल्हासनगर मनपा प्रांगण में विराजमान डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर आकर मानवंदना देकर अभिवादन किया। कोरोना के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया गया।