लगातार बारिश की बदौलत मोरबे का जलस्तर बढ़ा

    Loading

    नवी मुंबई. 9 जून से नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) और मोरबे जलाशय (Morbe Dam) के क्षेत्र में रूक-रूक कर जोरदार बारिश (Heavy Rain) होने का सिलसिला जारी है। जिसके चलते महानगरपालिका के मालिकाना वाले मोरबे जलाशय के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। 88 मीटर की जल संचय की क्षमता वाले इस जलाशय में अब तक 73.39 मीटर जल संचय हो गया है।

    गौरतलब है कि महानगरपालिका का मोरबे जलाशय कर्जत (Karjat) के माथेरान (Matheran) की पहाड़ियों के बीच है। जो चौक गांव तक फैला हुआ है। 9 जून को इस जलाशय का जलस्तर 72.16 मीटर था। इसके बाद से इसके जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। 10 जून को इस जलाशय के क्षेत्र में 133.60 मि.मी. बारिश हुई थी। जिसके चलते इसका जलस्तर 72.48 मीटर हो गया था।

    अब तक 635.60 मि.मी. बारिश हुई रिकॉर्ड

    12 जून को यह बढ़कर 72.60 मीटर हो गया था, जबकि 13 जून को इसका जलस्तर 72.85 मीटर हो गया था। 17 जून की सुबह 8.30 बजे से 18 जून की सुबह 8.30 बजे तक इस जलाशय के क्षेत्र में 145.40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिसके चलते इस जलाशय का जलस्तर अब 73.39 मीटर हो गया है। इस जलाशय के क्षेत्र में अब तक 635. 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।