युद्ध में फंसी यूक्रेनी गर्लफ्रेंड को भारत लाने के लिए लड़के ने किया कुछ ऐसा, दिल छू लेगी ये प्रेमकहानी

    Loading

    नई दिल्ली: बीते कई दिनों से हम जान रहे है यूक्रेन में क्या स्थिति है। युद्ध में कई लोगों की जान गई है और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग रहे है। ऐसे में एक प्रेम कहानी सामने आ रही है, जो आपका दिल छू लेगी। कहते है न प्यार में कोई सीमाएं नहीं होती जी हां कुछ ऐसा ही भारत के रहने वाले एक शख्स ने कर दिखाया है। दरअसल यह शख्स दिल्ली उच्च न्यायालय (Delhi High Court) के एक वकील है, उन्होंने अपनी यूक्रेनी गर्लफ्रेंड से प्यार का इजहार किया था। हालांकि, कुछ समय बाद लड़की कीव चली गई थी, लेकिन अब वह फिर से भारत लौट आई है। आइए जानते है युद्ध के स्थिति में लड़की कैसे आई भारत….

    यूक्रेन की लड़की से भारत के लड़के को हुआ प्यार 

    दरअसल इनकी कहानी भी बेहद दिलचस्प है, 33 वर्षीय अनुभव भसीन (Anubhav Bhasin) और 29 वर्षीय एना होरोदेत्स्का (Anna Horodetska) एक यात्रा के दौरान मिले थे और लगभग ढाई साल से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों एक साथ यात्रा कर रहे थे जब पहले COVID-19 लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। अनुभव भसीन ने अपनी यूक्रेनी गर्लफ्रेंड के बारे में बताया, ‘2020 में पहले लॉकडाउन से ठीक पहले जब पहली बार हम मिले तो एक-दूसरे को ठीक से जानना शुरू किया।’ उस वक्त उड़ानें रद्द होने के कारण आईटी कंपनी में कार्यरत एना होरोदेत्स्का इंडिया में फंस गई थीं।

    एना, अनुभव के घर पर तब तक रही जब तक वह घर वापस नहीं लौटीं। अपनी प्रेम कहानी के बारे में अनुभव ने आगे बताया, ‘लॉकडाउन खत्म होने के बाद, हम दुबई में दोबारा मिले और फिर वह भारत आई। इसके बाद मैं भी कीव गया। पिछले साल दिसंबर में, वह भारत आई और मेरे परिवार से मिली, तभी हमने शादी करने का फैसला किया। इसके बाद एना वापस यूक्रेन के लिए निकल गई।’

    युद्ध छिड़ा तो कुछ ऐसे इंडिया आई लड़की 

    जब 24 फरवरी को रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ा, तो बमों की आवाज से एना की नींद खुल गई। वह अगले तीन दिनों तक शेल्टरों में भागती रही। इसके बाद, एना ने पोलैंड भागने का फैसला किया। जान बचाने के लिए वह 27 फरवरी को अपनी मां और अपने कुत्ते के साथ घर से निकली थी। अनुभव ने कहा, ‘उसकी मां ने अपनी दादी के घर जाने के लिए अपने होमटाउन कामियांका की ओर एक ट्रेन ली। एना ने दो घंटे तक इंतजार किया जब तक कि उसे लीव (Lviv) की ओर जाने वाली ट्रेन नहीं मिली, जोकि यूक्रेन के पश्चिम में और पोलिश सीमा के करीब है।’

    ऐसे बचाई जान

    27 फरवरी की रात को लीव (Lviv) में रहने के बाद, एना ने पोलैंड जाने के लिए बस लेने का फैसला किया। हालांकि, उसे पता चला कि लोग 24 घंटे से अधिक समय से पोलिश सीमा पर इंतजार कर रहे थे और वहां से नहीं निकल पाए थे। इसलिए, उसने स्लोवाकिया के साथ सीमा पर जाने वाली एक बस ली। कुछ घंटों के इंतजार के बाद आखिरकार वह पैदल ही सीमा पार कर गई। एना तब पोलैंड के क्राको की ओर जाने वाली एक मिनीबस खोजने में सफल रही, जहां वह कुछ हफ़्ते रुकी थी। 

    एयरपोर्ट पर यूं किया गर्लफ्रेंड को प्रपोज

    अनुभव ने कहा, ‘वहां मेरे कुछ दोस्त थे जिन्होंने उसकी मदद की और उसे रहने की जगह मुहैया कराई।’ आखिरकार, उसने पोलैंड में भारतीय दूतावास में वीजा के लिए आवेदन किया और जब यह मंजूर हो गया, तो वह भारत चली आई और मैंने उसे हवाई अड्डे पर प्रपोज किया।’ अब यह प्रेमी जोड़ा  जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे जिसके बाद एना भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करेंगी। फिलहाल उनके पास एक साल का वीजा है। अनुभव ने कहा, ‘जब युद्ध खत्म हो जाएगा, पालतू कुत्ते को लाने के लिए वापस जाने की कोशिश करेंगे।’